झुंझुनू

Jhunjhunu: मंत्री गहलोत का बोले- आरोप लगाने के बाद MLA रीटा चौधरी ने मांगी थी माफी, पंचायत चुनाव पर भी दिया बड़ा बयान

Avinash Gehlot: प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने उन पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि मंडावा विधायक रीटा चौधरी ने विधानसभा में उनकी अनुपस्थिति में आरोप लगाए थे, जिन पर बाद में विधायक ने माफी मांग ली थी।
2 min read
Mar 20, 2026
Avinash Gehlot
कलक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता में संबो​धित करते प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत। फोटो: पत्रिका

झुंझुनूं। जिले के मंडावा क्षेत्र में हवेली पर कब्जे के प्रकरण ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने उन पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि मंडावा विधायक रीटा चौधरी ने विधानसभा में उनकी अनुपस्थिति में आरोप लगाए थे, जिन पर बाद में विधायक ने माफी मांग ली थी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि आरोप लगाने के दो दिन बाद ही विधायक रीटा चौधरी ने उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर खेद जताया और कहा कि वे किसी के बहकावे में आ गई थीं। उन्होंने स्वीकार किया कि यह उनकी गलती थी। गहलोत गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत रह रहे थे।

गहलोत ने यह भी कहा कि झुंझुनूं शहर में विद्यार्थी भवन पर रीटा चौधरी के कब्जे की बात सामने आई। इसकी जानकारी मिलने के बाद उन्होंने जिला कलक्टर को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए थे। तहसीलदार द्वारा मौके का मुआयना किया जा चुका है और अब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को लेकर गंभीर है और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई की जाएगी।

पंचायतीराज चुनाव पर स्थिति स्पष्ट

पंचायतीराज चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि होईकोर्ट ने पहले 15 अप्रेल तक के लिए कहा था। लेकिन राजस्थान सरकार चुनाव कराने के लिए तैयार है, बशर्तें चुनाव आयोग कार्यक्रम घोषित करे। जिस तरीके से ओबीसी वर्ग के वर्गीकरण को लेकर जो बात सामने आई है।

राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर ओबीसी वर्ग के सर्वे और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बिना चुनाव नहीं हो सकते हैं। जैसे कोर्ट या चुनाव आयोग का फैसला आता है सरकार चुनाव कराने के लिए तैयार है। शहरी निकायों और पंचायतों को 15 मई तक रोडमैप तैयार कर गांव-शहर स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

गैस सिलेंडर आपूर्ति को लेकर विपक्ष पर निशाना

एलपीजी सिलेंडर की कमी के आरोपों को खारिज करते हुए गहलोत ने कहा कि जिले में पर्याप्त आपूर्ति हो रही है। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल में नियमित बुकिंग व होम डिलिवरी व्यवस्था को भी पूर्ववत जारी रखने के डीएसओ व अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस के पास सरकार की आलोचना के अलावा कोई मुद्दा नहीं है। भ्रम फैलाकर कांग्रेस राजनीति कर रही है।

खेल विश्वविद्यालय की मांग पर सकारात्मक संकेत

झुंझुनूं में खेल विश्वविद्यालय की मांग पर उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा और खेल के क्षेत्र में अग्रणी है और सरकार इस दिशा में सकारात्मक है। आने वाले समय में इस संबंध में अच्छी खबर मिलने की संभावना जताई गई है।

गर्मी से निपटने के लिए कंटीजेंसी प्लान तैयार

गर्मी के चलते शहर में पेयजल व्यवस्था को लेकर कहा कि जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में उन्होंने कंटीजेंसी प्लान पर भी चर्चा की है। पीएचईडी सहित अन्य विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि जलापूर्ति व अन्य व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें।

राजस्थान दिवस के अवसर पर जिला अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई। इसमें पिछले तीन बजटों की घोषणाओं की समीक्षा करते हुए यह आंकलन किया गया कि कितने कार्य पूर्ण हुए और कितने लंबित हैं। साथ ही वर्तमान वित्तीय वर्ष में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर रणनीति बनाई गई।

जनभागीदारी में अव्वल झुंझुनूं

‘राजस्थान को जानो’ क्विज का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिले के 48 हजार से अधिक लोगों ने इसमें भाग लेकर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है, जो यहां के नागरिकों की जागरूकता का प्रमाण है।

Updated on:
20 Mar 2026 10:10 am
Published on:
20 Mar 2026 10:10 am