
झुंझुनूं। झुंझुनूं जिले के पिलानी शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक निजी कॉलेज के बीटेक चतुर्थ वर्ष के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार पिलानी थाने के पास रहने वाला ऋषभ सैनी पुत्र संजय सैनी अपने दोस्त दीपेश के साथ रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब 4.30 बजे बाइक से जिम के लिए निकला था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
लोहारू रोड पर मंगलवार को बीपीएस स्कूल के पास सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक कयास लगाए जा रहे हैं कि बाइक के सामने अचानक सांड आ जाने से यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना सांड के सामने आने से हुई या किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से, इसकी अभी तक आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसा इतना भीषण था कि इसकी आवाज सुनकर पास के मकान से एक व्यक्ति तुरंत बाहर आया। सड़क पर दोनों युवकों को लहूलुहान और गंभीर हालत में तड़पता देख उसने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पिलानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से तुरंत बिरला सार्वजनिक अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद ऋषभ सैनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दीपेश के कंधे में गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे झुंझुनूं रेफर कर दिया गया है। जहां उसका उपचार जारी है।
जैसे ही हादसे की खबर पिलानी में फैली, बड़ी संख्या में लोग और छात्र बिरला सार्वजनिक अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और माहौल बेहद गमगीन हो गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।