झुंझुनू

Rajasthan Crime: बेटी का घर उजड़ने से बचाने आए थे पिता, दामाद और समधी ने ही कर दी निर्मम हत्या

Jhunjhunu Crime: सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में चिड़ावा बायपास पर अपनी बेटी के पास पारिवारिक विवाद का समाधान करने आए एक 66 वर्षीय पूर्व सैनिक की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद सनसनी फैल गई।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 11:02 AM IST
Jhunjhunu Crime News
वह जगह जहां वारदात हुई व इनसेट में घायल अवस्था में सुरेश कुमार। फोटो: पत्रिका

झुंझुनूं। सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में चिड़ावा बायपास पर अपनी बेटी के पास पारिवारिक विवाद का समाधान करने आए एक 66 वर्षीय पूर्व सैनिक की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर रिटायर्ड फौजी सुरेश कुमार की मौत सिर में गंभीर चोटें लगने के कारण होना बताया गया। पुलिस ने बताया कि हरियाणा के गांव रूडरोल निवासी रिटायर्ड सूबेदार सुरेश कुमार (66) रविवार को अपनी बेटी के पारिवारिक विवाद का समाधान करने दामाद के घर आए थे।

सुरेश कुमार के साथ बेटी के ससुर मंदरूप, पति होशियारसिंह व देवर जसवीर ने लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और कस्सी से मारपीट जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंची और घायल सुरेश को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान रात में उनकी मौत हो गई। मृतक सुरेश के परिवारजन ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई और बेहतर परवरिश को ध्यान में रखते हुए एक महीने पहले ही सुरेश कुमार ने बेटी को चिड़ावा में अलग किराए का मकान दिलवाया था। इस मकान का किराया भी सुरेश ने ही भरने की जिम्मेदारी उठा रखी थी। जिससे कि बेटी मोनू अपने बच्चों को पढ़ा लिखा सके। परिजन के मुताबिक रविवार को सुरेश अपनी बेटी से मिलने चिड़ावा आए थे और दिनभर उसके घर पर ही रहे।

बेटी की शादी के बाद से चल रहा विवाद

परिजन के अनुसार, सुरेश कुमार की बेटी मोनू की शादी 2012 में मनोहरपुरा निवासी मंदरूप के बेटे होशियारसिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही मोनू को घरेलू विवाद और दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार ने कई बार दोनों पक्षों के बीच समझाइश करवाकर विवाद सुलझाने का प्रयास किया। मगर हालात में सुधार नहीं हुआ। मोनू सरकारी शिक्षिका है।

सूचना मिलने पर शाम को आए दामाद व अन्य

सुरेश की नाती ने अपने दादा को फोन कर नाना के आने की सूचना दी। इसके बाद सुरेश कुमार सूरजगढ़ तिराहे के पास स्थित अपने दामाद के परिवार के मकान पर पहुंचे। वे बेटी के घरेलू विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने और परिवार के लोगों से मिलने की उम्मीद लेकर वहां गए थे। आरोप है कि सुरेश के वहां पहुंचने और स्कूटी खड़ी करते ही मंदरूप, उसके बेटे होशियार सिंह और छोटे बेटे जसवीर ने हमला कर दिया। तीनों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई। जिसे पहले चिड़ावा के राजकीय उप जिला अस्पताल और बाद में झुंझुनूं रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने कुछ लोगों को डिटेन कर की पूछताछ

सूरजगढ़ सीआई रामसिंह ने बताया कि रविवार की शाम करीब 8 बजे चिड़ावा बाईपास के पास एक परिवार में झगड़े की सूचना मिली थी। सूचन पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल सुरेश कुमार के सिर पर पांच-छह चोटें थीं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन रात में उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में दामाद और ससुर के बीच विवाद के दौरान मारपीट की बात सामने आई है। मामले में कुछ लोगों को पूछताछ के लिए डिटेन किया गया है। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिया गया है।