झुंझुनू

Jhunjhunu: बस में बैठने से रोका तो युवक ने की ऐसी हरकत, महिला कंडक्टर ने कर दी पिटाई; VIDEO वायरल

झुंझुनूं शहर के रोडवेज बस डिपो में एक युवक और रोडवेज कर्मचारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। करीब 25 मिनट तक डिपो परिसर में हंगामा चलता रहा।
2 min read
• •
Aug 27, 2026
Roadways Bus Controversy-6
झुंझुनूं शहर के रोडवेज बस डिपो पर हंगामा। फोटो: पत्रिका

झुंझुनूं शहर के रोडवेज बस डिपो में एक युवक और रोडवेज कर्मचारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। करीब 25 मिनट तक डिपो परिसर में हंगामा चलता रहा। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है। जानकारी के अनुसार कोटपूतली निवासी एक युवक उदयपुरवाटी से रोडवेज बस में सवार होकर झुंझुनूं पहुंचा था। यहां वह चूरू जाने वाली बस में बैठने लगा।

बस के परिचालक ने युवक को शराब के नशे में होने के कारण बस में बिठाने से मना कर दिया और नीचे उतार दिया। बस से उतारे जाने के बाद युवक भड़क गया और परिचालक के साथ गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान वहां मौजूद महिला परिचालक भी मौके पर पहुंची। आरोप है कि गाली-गलौज से नाराज होकर उसने हाथ में पाइप लेकर युवक की पिटाई कर दी।

घटना के दौरान चालक संत कुमार और अन्य कर्मचारियों ने पहले युवक को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन मामला बिगड़ने पर कई कर्मचारी भी युवक से उलझ गए। इसके बाद झुंझुनूं शहर के रोडवेज बस डिपो परिसर में जमकर हाथापाई हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 25 मिनट तक हंगामा चलता रहा।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडिया

झुंझुनूं शहर के रोडवेज बस डिपो पर हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। जिसमें महिला कंडक्टर युवक की पाइप से पिटाई करती नजर आ रही है। वहीं, अन्य रोडवेज कर्मचारी भी युवक के साथ मारपीट करते दिख रहे है। इस दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। लेकिन, लोग मदद करने की बजाय मारपीट की घटना का वीडियो बनाते रहे। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद किसी यात्री ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोट कर दिया।

वायरल वीडियो को लेकर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। एक यूजर्स ने लिखा कि मारपीट देख कर ऐसा लगता हैं कि जैसे लड़के ने बहुत बड़ा अपराध किया है। वहीं, दूसरे यूजर्स ने लिखा कि लड़के ने कुछ गलत किया तो पुलिस के हवाले कर देते, कानून हाथ में लेने की क्या जरूरत है। इसके अलावा कई यूजर्स ने महिला कंडक्टर पर भी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने युवक को ही हिरासत में लिया

हंगामे के दौरान रोडवेज बस डिपो स्थित पुलिस चौकी में कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। ऐसे में काफी देर तक हंगामा होता रहा। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने युवक को मारपीट करने वाले लोगों के चंगुल से छुड़ाया और थाने ले आई। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। युवक ने बताया कि उसकी साथ बेवजह मारपीट की गई थी।

Updated on:
27 Aug 2026 03:16 pm
Published on:
27 Aug 2026 01:28 pm
Also Read
View All