
झुंझुनूं जिले के मेहाड़ा थानाक्षेत्र के ढोसी गांव में ट्रैक्टर से कुचलकर पिता की हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शमशेर सिंह ने घरेलू विवाद के चलते अपने पिता महावीर सिंह की हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस इस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।
मेहाड़ा थानाधिकारी राम मनोहर ने बताया कि 25 जून की रात ढोसी गांव में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता को ट्रैक्टर से बेरहमी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था। पिता और पुत्र के बीच पिछले दो से तीन साल से चल रहा घरेलू विवाद अचानक बेहद गंभीर रूप ले लिया। आरोपी शमशेर सिंह ने अपने वृद्ध पिता महावीर सिंह को गांव की सार्वजनिक धर्मशाला से जबरन घसीटकर बाहर मुख्य सड़क पर लाया।
वहां उसने पहले पिता के साथ गंभीर मारपीट की और फिर जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर ट्रैक्टर से कई बार वार किए और कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में महावीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इस जघन्य हत्याकांड के संबंध में परिवादी राकेश निवासी बाढ़ड़ा, हरियाणा ने 26 जून को मेहाड़ा थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस रिपोर्ट के आधार पर स्थानीय पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर त्वरित रूप से जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने घटनास्थल को पूरी तरह से सुरक्षित रखकर बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव का मेडिकल बोर्ड से आधिकारिक पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शमशेर सिंह को दस्तयाब कर गहन पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी की ओर से अपना अपराध पूरी तरह स्वीकार करने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पिता-पुत्र के बीच करीब तीन वर्षों से लगातार विवाद चल रहा था। दोनों गांव में ही अलग-अलग मकानों में रहते थे। मृतक महावीर सिंह गांव में ही खेती-बाड़ी का कार्य करते थे। उनके परिवार में एक बेटा शमशेर सिंह और चार बेटियां हैं। सभी बच्चे शादीशुदा हैं। आरोपी शमशेर सिंह भी गांव में रहकर खेती का कार्य करता है।