28 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

श्रीगंगानगर: हेरोइन तस्करी में बड़ा खुलासा, पंजाब तक सप्लाई की थी प्लानिंग, मुख्य आरोपी जस्सी की पत्नी गिरफ्तार

Sriganganagar Heroin Racket: श्रीगंगानगर जिले में 10.5 किलो हेरोइन बरामदगी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए लाई गई हेरोइन पंजाब सप्लाई की जानी थी। मुख्य आरोपी जसविंद्र उर्फ जस्सी की पत्नी नवजोत कौर उर्फ ज्योति को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 511 ग्राम हेरोइन और 21,200 रुपए बरामद किए गए।
2 min read
Google source verification
Sriganganagar Heroin Racket

आरोपी गिरफ्तार (पत्रिका फोटो)

Sriganganagar Heroin Racket News: जैतसर (श्रीगंगानगर): जिला पुलिस की ओर से शुक्रवार को चक पांच जीबी के निकट गिरफ्तार किए गए दो युवकों से बरामद करोड़ों रुपए की करीब साढ़े 10 किलो हेरोइन एवं एक लाख 40 हजार रुपए के मामले में स्थानीय थाना पुलिस ने देर रात दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं सहित बीएनएस में मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी गोविंदराम बिश्नोई ने बताया कि करोड़ों की हेरोइन के साथ गिरफ्तार युवक धर्मेंद्र सिंह उर्फ बब्बू ने पूछताछ में बताया कि उसकी अमरजीत सिंह उर्फ सरपंच पुत्र रामलाल रायसिख निवासी मनसिया बाजन, जिला लुधियाना (पंजाब) से जान-पहचान थी।

अमरजीत ने धर्मेंद्र को अनूपगढ़ के पास भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन से ड्रॉप करवाई गई हेरोइन लेकर सूरतगढ़ आने के लिए कहा। इसके बदले उसे 50 हजार रुपए देने तथा काम के लिए अपनी कार भी उपलब्ध करवाई। वहीं, अनूपगढ़ में हेरोइन के पैकेट देने वाले युवक जसविंद्र सिंह उर्फ जस्सी पुत्र दातार सिंह निवासी सलेमपुरा ने उसे हेरोइन के पैकेट सौंपे।

पूछताछ में सामने आया कि अमरजीत के बताए अनुसार, धर्मेंद्र अनूपगढ़ क्षेत्र में पहुंचा। जहां उसे जसविंद्र मिला। उसने पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से मंगवाई गई हेरोइन के पैकेट उसे सौंपे। इसके बाद दोनों सूरतगढ़ के लिए रवाना हो गए। साजिश के अनुसार, सूरतगढ़ में सिमरजीत सिंह निवासी खैराबट, जिला लुधियाना (पंजाब) उनसे हेरोइन लेकर दूसरी गाड़ी से पंजाब जाने वाला था।

गिरफ्तार युवक जसविंद्र ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह लंबे समय से भारत-पाकिस्तान सीमा से लगे समेजा, अनूपगढ़ और घड़साना क्षेत्र में ड्रोन से मंगवाई गई हेरोइन पंजाब के तस्करों तक पहुंचा रहा था।

पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि कार्रवाई में एडिशनल एसपी श्रीगंगानगर दीपक शर्मा, एडीशनल एसपी रामेश्वरलाल, जैतसर सीआई गोविन्दराम, सूरतगढ़ सदर रामकुमार लेघा, श्रीगंगानगर सदर सुभाषचन्द्र, श्रीविजयनगर की सुमन परिहार, घड़साना के देवीलाल, पदमपुर एचएचओ सुमन जयपाल आदि शामिल रहे।

धर्मेंद्र ने रिश्तेदार के खेत में करवाई थी ड्रॉपिंग

धर्मेंद्र एवं जसविंद्र सिंह ने बताया कि अमरजीत से बातचीत के बाद गुरुवार देर रात चक 15 जीडी स्थित अपने रिश्तेदार अवतार सिंह पुत्र बलवंत सिंह रायसिख निवासी चार एसटीआर, नई मंडी घड़साना के खेत में 500-500 ग्राम के 21 पैकेट ड्रोन से गिरवाए गए थे। धर्मेंद्र ने अपने बहनोई बलविंद्र सिंह उर्फ बिंद्र पुत्र प्रीतम सिंह रायसिख निवासी 27 ए अनूपगढ़ तथा रिश्तेदार अवतार सिंह को खेत से पैकेट उठाने भेजा।

दोनों शुक्रवार अलसुबह हेरोइन लेकर घड़साना पहुंचे। इनमें से एक पैकेट घर पर छोड़ दिया गया, जबकि शेष पैकेट लेकर धर्मेंद्र और जसविंद्र सिंह सूरतगढ़ के लिए रवाना हो गए। रास्ते में चक पांच जीबी के पास जिला पुलिस के बिछाए जाल में दोनों पकड़े गए।

जस्सी की पत्नी गिरफ्तारः हेरोइन और 21,200 रुपए जब्त

इधर, मुख्य आरोपी जस्सी के समेजा कोठी थाना क्षेत्र सलेमपुरा गांव में पुलिस ने दबिश दी। समेजा कोठी पुलिस ने आरोपी महिला नवजोत कौर उर्फ ज्योति पत्नी जसविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 511 ग्राम हेरोइन और 21,200 रुपए जब्त की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को इस मामले में आगे के नेटवर्क की जांच के संकेत मिले हैं। मामले की आगे की जांच पदमपुर सीआई सुमन जयपाल को सुपुर्द की गई है।