सूरजगढ़-लोहारू स्टेट हाईवे पर स्थित रघुनाथपुरा टोल प्लाजा पर तेज रफ्तार कार ने कहर बरपा दिया। बेकाबू कार बैरिकेड्स तोड़ते हुए टोल बूथ के पास खड़ी कैंपर से टकरा गई और अलाव ताप रहे टोलकर्मियों को चपेट में ले लिया।
झुंझुनूं। सूरजगढ़-लोहारू स्टेट हाईवे पर स्थित रघुनाथपुरा टोल प्लाजा पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार ने कहर बरपा दिया। बेकाबू कार बैरिकेड्स तोड़ते हुए टोल बूथ के पास खड़ी कैंपर से टकरा गई और अलाव ताप रहे टोलकर्मियों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक टोलकर्मी की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब पौने 12 बजे सूरजगढ़ की ओर से आ रही कार टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई। कार पहले डिवाइडर से टकराई और उछलकर बंद पड़ी टोल लेन में जा घुसी। उसी समय टोलकर्मी उम्मेद मेघवाल, पवन राजपूत, देवेंद्र सहित अन्य कर्मचारी सर्दी से बचने के लिए अलाव ताप रहे थे। तेज रफ्तार के कारण किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और कार ने कर्मचारियों को कुचलते हुए कैंपर में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को एम्बुलेंस से सूरजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने श्यालू निवासी टोलकर्मी उम्मेद मेघवाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पवन राजपूत को झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज चिड़ावा अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने रघुनाथपुरा टोल प्लाजा के पास हाईवे जाम कर धरना दिया। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बाद सहमति बनी। समझौते के तहत मृतक के परिवार को फास्टैग, मुख्यमंत्री सहायता कोष, आयुष्मान योजना, टोल कंपनी और जनप्रतिनिधियों की ओर से आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी, जिसके बाद जाम हटाया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश जारी है।