झुंझुनू

Rajasthan Rain: राजस्थान के 2 जिलों में हुई बारिश, IMD ने मेघगर्जन-आंधी का दिया अलर्ट, जानें मौसम पूर्वानुमान

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से दौसा और झुंझुनूं के खेतड़ी में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई IMD ने आज पहले ही कई जिलों में आंधी और मेघगर्जन का अलर्ट जारी किया था।
2 min read
May 23, 2026
Rain In Rajasthan
झुंझुनूं में हुई बारिश का फोटो: पत्रिका

Rain In Rajasthan: भीषण गर्मी और हीटवेव के असर के बाद राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिली है, जिससे भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। दौसा में बूंदाबांदी दर्ज हुई जबकि झुंझुनूं के खेतड़ी क्षेत्र में हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिली है।

IMD ने दिया अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में हवा की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। इसके साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है। वहीं राज्य के अन्य अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने बताया है कि आगामी 4 से 5 दिनों तक राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी फिर से बढ़ सकती है।

अगले 4-5 दिन बाद चलेगी हीटवेव

इसके अलावा आगामी 4-5 दिनों में पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में हीटवेव चलने की भी आशंका जताई है। गर्म हवाओं के कारण दिन के समय तापमान अधिक रहने की संभावना है जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

कल ऐसा रहा मौसम

झुंझुनूं जिले में शुक्रवार को भीषण गर्मी का असर पूरी तरह बना रहा। सुबह आसमान साफ रहने के बाद दिन चढ़ने के साथ तेज धूप और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर में प्रचंड गर्मी के कारण सड़कें तपने लगीं और कई जगह डामर तक नरम पड़ता नजर आया। दिन और रात दोनों समय उमस का असर बना रहा जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के चलते बाजारों और मुख्य सड़कों पर आम दिनों की तुलना में काफी कम चहल-पहल रही। लोग केवल जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले, जबकि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग छांव और ठंडी जगहों की तलाश में नजर आए।

गर्मी का असर इतना तेज रहा कि पंखे और कूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। लगातार चल रहे बिजली उपकरणों के बावजूद लोगों को सुकून नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में गर्मी का असर समान रूप से देखा गया। विभाग ने आगामी 25 और 26 मई के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Updated on:
23 May 2026 02:20 pm
Published on:
23 May 2026 02:14 pm