
पचेरी। राजस्थान-हरियाणा सीमा पर भालोठ गांव के पास दो पिकअप वाहनों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में दो महिलाओं सहित तीन जनों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। दोनों वाहनों में करीब 25 से 30 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। रिश्तेदारी में शोक सभा में शामिल होने जा रहे लोगों का सफर देखते ही देखते मातम में बदल गया।
पुलिस के अनुसार एक पिकअप हरियाणा के सेहलंग से घसेड़ा की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी निहालोठ से महेंद्रगढ़ के दुलोठ जा रही थी। राजस्थान-हरियाणा सीमा से करीब 300 मीटर पहले दोनों वाहन तेज गति से आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार कई लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे, जबकि कुछ वाहन में ही फंस गए।
हादसे में निहालोठ निवासी 65 वर्षीय सुभाष यादव, सेहलंग निवासी 70 वर्षीय रामप्यारी व 45 वर्षीय सुमन की मौत हो गई। घायलों को हरियाणा के महेंद्रगढ़ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही सेहलंग और निहालोठ में मृतकों के घर पर कोहराम मच गया और गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
पचेरी कलां थाने के एएसआइ शीशराम ने बताया कि दोनों पिकअप में सवार लोग रिश्तेदारी में आयोजित शोक सभा में शामिल होने जा रहे थे। एक वाहन में सवार लोग सेहलंग से घसेड़ा गांव जा रहे थे, जबकि दूसरे वाहन में सवार लोग निहालोठ से दुलोठ जा रहे थे। इसी दौरान भालोठ गांव के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई।
हादसे की आवाज और घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। एंबुलेंस का इंतजार किए बिना घायलों को निजी वाहनों से हरियाणा के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद राजस्थान की एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। बाद में हरियाणा पुलिस और एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
हादसे में घायल एक व्यक्ति ने बताया कि सड़क किनारे एक किसान कड़बी की कटाई करवा रहा था। इस दौरान वहां से काफी धूल उड़ रही थी, जिससे सड़क पर सामने का दृश्य साफ दिखाई नहीं दे रहा था। धूल के कारण दोनों पिकअप चालकों को एक-दूसरे का वाहन नजर नहीं आया और दोनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक पिकअप पलट गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद राजस्थान की एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने निजी वाहनों से घायलों को हरियाणा के महेंद्रगढ़ स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया। बाद में हरियाणा पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची।