झुंझुनू

राजस्थान में फिर करवट लेगा मौसम, 14 और 15 नवंबर को बारिश होने की संभावना; बढ़ेगी ठंड

Rajasthan Rain Alert: मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 और 15 नवंबर को कुछ जगह बारिश होने की प्रबल संभावना है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 1:50 PM IST
imd prediction 11 october rajasthan bikaner jodhpur division chances of rain
Rajasthan Weather Update : फाइल फोटो - ANI

Rajasthan Weather Update: दिवाली का त्योहार बीतने के साथ ही शेखावाटी में सर्दी ने दस्तक दे दी है। झुंझुनूं जिले में सुबह और शाम को सर्दी बढ़ने लगी है, लेकिन दिन में तेज धूप के चलते उमस का असर बरकरार है। मौसम के इस दोहरे मिजाज ने लोगों की दिनचर्या बदलनी शुरू कर दी है। सुबह-शाम गर्म कपड़ों का सहारा लिया जा रहा है, वहीं दोपहर में लोग अभी भी हल्के कपड़ों में नजर आ रहे हैं। मौसम विज्ञान के अनुसार पिछले 24 घंटे में पिलानी का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है।

Rajasthan Rain Alert: राजस्थान में सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ

राजस्थान में अगले कुछ दिन में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 नवंबर को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान मेघगर्जन के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ जगह हल्की बारिश होने की संभावना है।

Rajasthan Weather Forecast: तापमान में गिरावट से राजस्थान में बढ़ेगी ठंड

अगले दिन 15 नवंबर को बीकानेर संभाग के उत्तरी हिस्सों और शेखावाटी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, राजस्थान के शेष भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 16 नवंबर से राज्य के कुछ हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की प्रबल संभावना है। तापमान में गिरावट के चलते प्रदेश में ठंड का असर बढ़ सकता है।

Winter In Rajasthan: बाजारों में सजने लगी गर्म कपड़ों की दुकानें

सर्दी की आहट के साथ ही बाजारों की रौनक भी बदलने लगी है। शहर की मुख्य सड़कों, बाजारों और फुटपाथों पर गर्म कपड़ों की दुकानें सज गई हैं। दुकानों और ठेलों पर स्वेटर, कोट, मफलर, दस्ताने और रजाइयां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। सुबह-शाम बढ़ती ठंड के चलते लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी में रुचि दिखाने लगे हैं।

शेखावाटी मौसम: दोपहर में धूप, शाम होते ही बढ़ने लगती है सर्दी

शेखावाटी अंचल में मौसम के दो रंग साफ नजर आ रहे हैं। सूरज निकलने के बाद दोपहर तक तेज धूप के कारण उमस महसूस हो रही है। इस दौरान लोग हल्के कपड़ों में ही नजर आते हैं। वहीं शाम ढलते ही तापमान में गिरावट और सर्द हवा से मौसम का मिजाज बदलने लगता है। रात और सुबह सर्दी का असर ज्यादा महसूस हो रहा है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के साथ अब सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।