
जोधपुर. लॉक डाऊन से पहले प्रशिक्षण में गए आर्मी के जवानों को वापस ड्यूटी जॉइन कराने के लिए रेलवे द्वारा शुरू की गई एक और आर्मी स्पेशल ट्रेन तमिलनाडू के मदुराई से सोमवार अलसुबह 3.35 बजे जोधपुर पहुंची। ट्रेन से सेना के 209 जवान उतरे। ये जवान जोधपुर, बाड़मेर, और जैसलमेर सहित अन्य स्थानों पर ड्यूटी जॉइन करेंगे। ड्यूटी जॉइन करने से पहले इन जवानों को 14 दिन क्वारेंटाइन में रहना पड़ेगा। आधा घण्टे के स्टोपेज के बाद ट्रेन बीकानेर के लिए रवाना हो गई। यह भटिण्डा जा रही है। मदुराई-भटिण्डा स्पेशल ट्रेन 15 मई से रवाना हुई जो आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात सहित विभिन्न स्थानों के 924 यात्रियों को लेकर चली। ट्रेन आने से पहले ही सेना ने जोधपुर के मुख्य रेलवे स्टेशन स्थित प्लेटफॉर्म संख्या-1 को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया। जवानों के ट्रेन से उतरने के बाद पंक्ति में सबकी जांच की गई। उनके हाथ सेनेटाइज किए गए। सामान एक तरफ रखकर उन पर सेनेटाइजर छिडक़ा गया। थर्मल गन से तापमान की जांच की गई। इसके बाद बसों मे बैठाकर यूनिट में लाया गया।
अब तक 411 जवान आए
इससे पहले बेंगलुरू-दिल्ली आर्मी स्पेशल ट्रेन 26 अप्रेल को जोधपुर आई थी, जिसमें सेना के 202 जवान जोधपुर उतरे। कुल मिलाकर कोणार्क कोर के 411 जवान ट्रेन के जरिए ड्यूटी पर लौटे हैं।