जोधपुर

Water Crisis: इंदिरा गांधी नहर से पानी नहीं पहुंचा तो बढ़ेगी परेशानी, जोधपुर में बूंद-बूंद के लिए तरस सकते हैं लोग

Jodhpur Water Crisis: इंदिरा गांधी नहर से पानी की आवक शुरू नहीं होने से जोधपुर में जल संकट गहराता जा रहा है। शहर के प्रमुख जलाशयों में अब केवल चार दिन का उपयोग योग्य पानी बचा है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

2 min read
May 14, 2026
water crisis in jodhpur
कायलाना झील। फोटो- पत्रिका

जोधपुर। शहर में जल संकट अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। नहरबंदी की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी इंदिरा गांधी नहर से पानी की आवक शुरू नहीं हो सकी है। ऐसे में जोधपुर की जनता पारंपरिक जलाशयों कायलाना और तखत सागर पर निर्भर है, लेकिन इन दोनों जलाशयों में भी डेड स्टोरेज 140 एमसीएफटी घटाने के बाद अब केवल चार दिन का पानी शेष बचा है। यदि जल्द नहर से पानी नहीं पहुंचा तो शहरवासियों को पानी की बूंद-बूंद के लिए परेशान होना पड़ सकता है।

क्लोजर समाप्त होने के बाद भी नहर का पानी कब शुरू होगा, इसको लेकर अधिकारी भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। वर्तमान स्थिति को देखें तो आज से पानी को जोधपुर पहुंचने में करीब सात दिन लगेंगे। यानी 19-20 मई तक पानी जोधपुर पहुंचने की संभावना है। इसके बाद भी पानी के सुचारू वितरण में करीब सात दिन और लग सकते हैं। इस स्थिति में शहरवासियों को आने वाले दिनों में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।

ऐसे समझें गणित

जोधपुर शहर की प्रतिदिन पानी की जरूरत करीब 15 एमसीएफटी है। वर्तमान में दोनों जलाशयों में कुल 205 एमसीएफटी पानी उपलब्ध है, जिसमें से 140 एमसीएफटी डेड स्टोरेज है। ऐसे में उपयोग योग्य केवल 65 एमसीएफटी पानी शेष बचा है, जो शहर की करीब चार दिन की प्यास बुझाने के लिए पर्याप्त माना जा रहा है।

शहर में काटे 432 अवैध कनेक्शन

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) की ओर से नगर खंड द्वितीय जोधपुर में अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। लालसागर-सेकंड उपखंड के अंतर्गत पहाड़गंज प्रथम क्षेत्र में कम जल दबाव और अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचने की शिकायत मिलने पर बुधवार को 19 अवैध कनेक्शन काटे गए। इससे पहले जसवंत सागर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 24 अवैध कनेक्शन हटाए जा चुके हैं। इन कार्रवाइयों से कुल 43 अवैध कनेक्शन हटाए गए, जिससे वैध उपभोक्ताओं को बेहतर जलापूर्ति मिल सकेगी।

अन्य कार्रवाई में डिगाड़ी क्षेत्र में टैंकर भरकर पानी बेचते एक व्यक्ति को पकड़ा गया। वहीं, बनाड़ थाना पुलिस के साथ समन्वय कर की गई कार्रवाई में मौके पर दो 35 एमएम, एक 25 एमएम और चार 15 एमएम सहित कुल सात अवैध कनेक्शन पाए गए। दोषी के खिलाफ 22 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को अवैध कनेक्शन काटने का अभियान नहीं चलाया जा सका और न ही बूस्टर जब्त किए जा सके।

विभाग रोज भेजेगा पानी के टैंकर

शहर विधायक अतुल भंसाली ने बुधवार को सर्किट हाउस में जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्तमान क्लोजर से उत्पन्न जल संकट की स्थिति पर चर्चा की। इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निःशुल्क पानी के टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। भंसाली ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी जलापूर्ति बाधित होने की शिकायत मिले, वहां तुरंत पानी का टैंकर भेजा जाए।

Updated on:
14 May 2026 03:35 pm
Published on:
14 May 2026 03:33 pm