Jodhpur Snake Rescue: कागा शीतला माता मेले में एक दुकान में करीब 6 फीट लंबा कोबरा सांप निकल आने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सर्प विशेषज्ञ ने मौके पर पहुंचकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे मंडोर की पहाड़ियों में छोड़ दिया।
Jodhpur Cobra Rescue : जोधपुर शहर के कागा स्थित शीतला माता मेले में सोमवार सुबह उस समय अफरा तफरी मच गई, जब एक दुकान में अचानक करीब 6 फीट लंबा कोबरा सांप निकल आया। मेले में मौजूद लोगों की सतर्कता और सर्प विशेषज्ञ की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11.30 बजे मेले में दुकान लगाए बैठी नैना देवी एक ग्राहक को जूते दिखा रही थी। इसी दौरान अचानक उनके पैर के पास करीब 6 फीट लंबा कोबरा सांप आ गया। सांप को देखते ही नैना देवी घबरा गई और जोर से आवाज लगाई। उनकी आवाज सुनकर पास में ही अपनी दुकान पर बैठे सरदार श्याम सिंह और उनके भाई हरपाल सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों ने बिना समय गंवाए नैना देवी को दुकान से सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे कोई अनहोनी नहीं हुई।
इसके बाद तुरंत सर्प विशेषज्ञ इस्माइल रंगरेज को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही इस्माइल रंगरेज मौके पर पहुंचे और मेले में मौजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुकान के अंदर तलाश शुरू की। कुछ देर की खोजबीन के बाद कोबरा सांप टेबल के नीचे रखे जूतों में छिपा हुआ मिला। सर्प विशेषज्ञ ने सावधानीपूर्वक करीब 6 फीट लंबे कोबरा सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
यह वीडियो भी देखें
सांप को पकड़ते ही वहां मौजूद दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान कुछ देर के लिए मेले में भीड़ भी इकट्ठा हो गई थी। रेस्क्यू के बाद कोबरा सांप को सुरक्षित तरीके से जोधपुर के मंडोर क्षेत्र की पहाड़ियों में ले जाकर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। मौके पर मौजूद दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने सर्प विशेषज्ञ इस्माईल रंगरेज के इस कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया।