
मृतक अजय कुमार। फाइल फोटो- पत्रिका
माउंट आबू। माउंट आबू में दो गुटों के बीच हुए आपसी संघर्ष में 30 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई और तीन जने गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक जने को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
घटना से आक्रोशित मृतक के परिजन और समाज के लोग हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने सहित अन्य मांगों को लेकर अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। इधर, परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने 9 जनों के खिलाफ नामजद सहित 15-20 जनों के खिलाफ धारदार हथियारों से हमला कर हत्या करने का मामला दर्ज किया है।
सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां हर्ष पुत्र राजू अलिका, करण पुत्र लेखराज मेहरा, अजय कुमार पुत्र किशोर कुमार और अश्विन पुत्र संजय बैरवाल घायल अवस्था में मिले। इन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अजय कुमार (30) को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन घायलों हर्ष, करण और अश्विन को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को कालू घोड़े वाला और कालू इंद्रा कॉलोनी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जो मारपीट में तब्दील हो गया। उसी बात को लेकर साहिल पुत्र सागर बैरवाल ने देर रात उनके मित्र हर्ष और करण को फोन कर आपसी समझौता करने के लिए अर्बुदा चौक पर बुलाया। हर्ष, करण और अजय निर्धारित स्थान पर पहुंचे, जहां वे साहिल आदि से बातचीत कर ही रहे थे कि इसी बीच इंद्रा कॉलोनी के करीब पंद्रह-बीस युवक वाहनों में सवार होकर आए और अचानक उन पर हमला कर दिया।
वे लोग वहां से जान बचाकर भागे, लेकिन चाचा म्यूजियम चौक से थोड़ा आगे उन लोगों ने तीनों को घेरकर फिर हमला कर दिया। अजय की गर्दन पर तलवार से वार करने से वह घायल होकर गिर गया। हर्ष और करण को भी गंभीर चोटें आईं। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। हर्ष और करण को अन्यत्र रेफर कर दिया गया और अश्विन का उपचार जारी है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने शव लेने से इनकार कर दिया और अस्पताल के सामने धरने पर बैठ गए। कई दौर की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए माने। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
दो गुटों के आपसी संघर्ष में एक जने की मृत्यु और तीन जने घायल हुए हैं। घायलों का उपचार जारी है। मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। हमले के आरोपियों की धरपकड़ के लिए सरगर्मी से तलाश की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
15 Mar 2026 03:40 pm
Published on:
15 Mar 2026 03:40 pm
