10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सिरोही में भीषण सड़क हादसा : खचाखच सवारियों से भरी जीप पलटी, 20 से अधिक लोग घायल

राजस्थान के सिरोही जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। पिंडवाड़ा में आमली रोड पर बाइक से टकराने के बाद खचाखच सवारियों से भरी जीप पलट गई। हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हुए, जबकि 4 की हालत गंभीर होने पर रेफर किया गया। हादसे के बाद सड़क से लेकर अस्पताल तक चीख-पुकार मच गई।

2 min read
Google source verification
sirohi accident

Sirohi Accident: सीएची में पहुंचे घायल (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

सिरोही। जिले के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आमली रोड पर सवारियों से खचाखच भरी एक जीप बाइक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों व ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ। जीप में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे और वह पिंडवाड़ा क्षेत्र की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक मोटरसाइकिल से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और जीप सड़क किनारे पलट गई। पलटते ही वाहन में सवार लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। कई यात्री जीप के नीचे दब गए, जिससे मौके पर हाहाकार मच गया।

घायलों को पिंडवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को जीप से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में पिंडवाड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर राहत कार्य चलाया तथा घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से पिंडवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल में अफरा-तफरी का महौल

बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचते ही चिकित्साकर्मी इधर-उधर दौड़ने लगे। सूचना मिलते ही चिकित्सक, नर्सिंगकर्मी और अन्य स्टाफ अस्पताल पहुंच गए। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण निजी अस्पतालों के कुछ चिकित्सक भी मदद के लिए सीएचसी पहुंचे और उपचार में जुट गए। प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य का उपचार जारी है।

जीप में क्षमता से अधिक सवारी

सिरोही जिले के पिंडवाड़ा में हुए इस हादसे के प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जीप में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं। आशंका है कि ओवरलोड होने के कारण बाइक से टक्कर के बाद वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।