जोधपुर

Jodhpur: दवा के ओवरडोज से बिगड़ी जवान की तबीयत, कार्डियक अरेस्ट के बाद निधन, सैन्य सम्मान से अंतिम विदाई

सामराऊ के जवान जयप्रकाश का दिल्ली में उपचार के दौरान निधन हो गया। रविवार को उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

2 min read
Jun 07, 2026
Indian Army soldier dies
जवान जयप्रकाश। फाइल फोटो- पत्रिका

जोधपुर। देश की सेवा में तैनात जोधपुर जिले के सामराऊ गांव के जवान जयप्रकाश के असामयिक निधन ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। 10 दिन की छुट्टियां बिताकर अपनी यूनिट लौट रहे 30 वर्षीय जवान की रास्ते में तबीयत बिगड़ गई थी। दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में उपचार के बाद उनका निधन हो गया। रविवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जवान के निधन से सामराऊ सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर छा गई।

यह वीडियो भी देखें

भारतीय सेना की 230 मीडियम रेजिमेंट में गनर (ऑपरेटर) पद पर कार्यरत जयप्रकाश अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे। वे 21 मई से 31 मई तक अवकाश पर अपने घर आए हुए थे। अवकाश समाप्त होने के बाद उन्हें 1 जून को यूनिट में रिपोर्ट करना था, लेकिन वे समय पर नहीं पहुंच सके। सेना अधिकारियों ने संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि वे दिल्ली में हैं और उनकी कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई है। उन्होंने अगले दिन यूनिट के लिए रवाना होने की जानकारी दी थी।

कार्डियक अरेस्ट आया

इसके बाद 3 जून को सेना को सूचना मिली कि जयप्रकाश की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें नई दिल्ली क्षेत्र के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में उन्हें लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल रेफर किया गया और फिर दिल्ली कैंट स्थित बेस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी हालत में सुधार हुआ और वे बातचीत भी करने लगे थे। हालांकि 6 जून की रात करीब एक बजे अचानक उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया।

सीपीआर दिया, नहीं बच पाई जान

चिकित्सकों ने सीपीआर सहित सभी आवश्यक प्रयास किए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। रात 2:15 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सेना की प्रारंभिक रिपोर्ट में मृत्यु का कारण दवा की अत्यधिक मात्रा से उत्पन्न रिफ्रैक्टरी वेसोडाइलेटरी शॉक बताया गया है। रिपोर्ट में कार्डियक अरेस्ट का भी उल्लेख किया गया है। जयप्रकाश जोधपुर जिले के सामराऊ क्षेत्र स्थित भादुओं की ढाणी के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी सरिता सहित अन्य परिजन हैं।

सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

जवान के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सेना मुख्यालय के निर्देशानुसार रविवार को उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से जोधपुर लाया गया। इसके बाद पैतृक गांव भादुओं की ढाणी में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सेना के अधिकारी और जवान शामिल हुए। सैन्य टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर मातृभूमि के इस वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

Updated on:
07 Jun 2026 06:53 pm
Published on:
07 Jun 2026 05:54 pm