
Bhanwari Devi Bishnoi Murder Case : जोधपुर के भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड पर कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने भजनलाल सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि क्या पुलिस प्रशासन नाकाम है या आरोपियों को कोई राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है? अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि जोधपुर के लोहावट के जंभेश्वर नगर में 27 जुलाई को भंवरी देवी विश्नोई की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या और उनकी दो बेटियों पर हमले की घटना को 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस मुख्य आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है।
अशोक गहलोत ने लिखा कि पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई समेत 60 लोग आमरण अनशन पर बैठ गए हैं, फलोदी थाने के बाहर समर्थकों ने 2 किलोमीटर पैदल मार्च निकालकर आक्रोश जताया। 31 जुलाई को कलेक्टर और एसपी के साथ हुई वार्ता में प्रशासन ने खुद 5 दिन का समय मांगा था, वह समय भी बीत चुका है और आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
हत्यारोपियों के पकड़ में न आने को लेकर अशोक गहलोत ने सवाल उठाते लिखा 11 दिन बाद भी हत्यारोपी पकड़ से बाहर होना सीधा सवाल खड़ा करता है, क्या पुलिस प्रशासन नाकाम है या आरोपियों को कोई राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है?
भंवरीदेवी विश्नोई हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लोहावट पुलिस थाना के आगे तीसरे दिन भी अनिश्चितकालीन अनशन व धरना जारी है। घटना के आज 12 दिन बाद भी प्रकरण में कोई खुलासा नहीं हुआ है। पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई सहित 60 से अधिक लोग आमरण अनशन पर बैठे है। रात अनशन पर बैठे लोगों में दो व्यक्तियों की तबियत बिगड़ जाने पर उन्हे अस्पताल ले जाया गया।
फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र में जंभेश्वर नगर में 27 जुलाई सोमवार देर रात 1 बजे घर के बाहर सो रही 32 वर्षीय महिला भंवरी विश्नोई की अज्ञात हमलावर ने गला रेतकर हत्या कर दी। इस हमले में 16 वर्षीय बेटी रामज्योति और 10 वर्षीय छोटी बेटी गंभीर रुप से घायल हुईं। मृतका के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि बेटी की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। महिला का पति गंगाविशन विश्नोई ट्रक चालक है।