
वीडियो : एस के मुन्ना/जोधपुर. चुनावी सरगर्मियों के बीच विभिन्न क्षेत्रों से चुने गए भाजपा के प्रत्याशी अपने-अपने कार्यालय खोलने में जुट गए हैं। जहां मंगलवार को सूरसागर क्षेत्र से प्रत्याशी सूर्यकांता व्यास जीजी ने अपने कार्यलय का उद्घाटन किया। वहीं इस कड़ी में बुधवार को जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी अतुल भंसाली के कार्यालय का उद्घाटन सरदारपुरा सी रोड स्थित पुराना सीएमएचओ कार्यालय के पास किया गया है। इस अवसर पर पार्टी के कई लोग मौजूद रहे। पत्रकारों से मुखातिब होने पर अतुल भंसाली ने कहा कि उनका मुख्य मुद्दा गुणवत्ता पूर्ण उच्च शिक्षा मुहैया करवाना है। इसके लिए रूपरेखा तैयार करवाकर ही कार्य किए जाएंगे। साथ ही शहर को सबसे अधिक आय ट्यूरिज्म से होती है। लेकिन यहां आने वाला सैलानी केवल एक दिन रुककर वापस चला जाता है। वह तीन दिन यहां रुक सके, इस संबंध में कार्य किए जाएंगे। उन्होंने शहर की साफ-सफाई और स्वच्छता कार्यों को करने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने व्यापार जगत में सहयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे खुद व्यापारी और चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं। ऐसे में यहां के व्यापार व उद्योग को बढ़ावा देना भी उनकी प्राथमिकता है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को मेरे सामने कोई प्रत्याशी नहीं मिल रहा है। उनके पास विकल्प नहीं होने के चलते ही लिस्ट अभी तक जारी नहीं कर पा रहे हैं। पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने कहा कि उनके चाचा व इस सीट से विधायक कैलाश भंसाली का हमेशा ही आशीर्वाद रहा है, आगे भी रहेगा।