
भारत वाहिनी के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम तिवाड़ी व राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल को भाजपा और कांग्रेस के बागियों के उनके खेमे में आने का इंतजार है। इसी वजह से अभी तक दोनों दलों में से किसी ने भी सूची अभी तक जारी नहीं की है। हालांकि कुछेक सीटों पर दोनों ही दलों ने अपने प्रत्याशियों को हरी झंडी दे दी है। इन लोगों ने जनसम्पर्क से लेकर नामांकन की तारीख भी तय कर ली है।
बेनीवाल बुधवार को नागौर में नामांकन करेंगे। तिवाड़ी की सूची में 70-80 नाम होंगे, जबकि रालोपा 50 प्रत्याशियों के नाम जारी करेगी। सूत्रों के अनुसार दोनों की सूचियों में कुछ नाम चौंकाने वाले हो सकते हैं। जयपुर की सीटों पर ऐसे नाम आ सकते हैं। दोनों ही दल अब तक भाजपा की सूची जारी होने का इंतजार कर रहे थे। भारत वाहिनी पार्टी की पहली सूची में जयपुर, सीकर, झुंझनूं, कोटा और अजमेर पर फोकस रहेगा। पहली सूची में जयपुर की किशनपोल, हवामहल, सिविल लाइन्स, झोटवाड़ा पर प्रत्याशियों के नाम तय माने जा रहे हैं। इनमें से एक दो सीटों पर भाजपा के बागियों को भी टिकट दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। मंगलवार को पार्टी कार्यालय पर टिकटों के मंथन पर मैराथन बैठक चली। वहीं रालोपा जाट-किसान बाहुल्य सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी के अधिकतर प्रत्याशी शेखावाटी और मारवाड़ क्षेत्र से होने की संभावना है।