जोधपुर

जोधपुर की बालेसर पंचायत समिति में जीतकर भी हारी कांग्रेस! बहुमत होने के बाद भी बनेगा BJP का प्रधान

जोधपुर की बालेसर पंचायत समिति चुनाव में बहुमत पाने के बावजूद कांग्रेस अपना प्रधान नहीं बना पाएगी। प्रधान का पद अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित है और कांग्रेस के पास इस वर्ग का एक भी जीता हुआ सदस्य नहीं है, जिससे अब भाजपा का प्रधान बनना तय माना जा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 12:39 PM IST
Balesar Panchayat Samiti election result
कांग्रेस की इंद्रा देवी और बीजेपी के रमेश भील (Photo-Patrika)

बालेसर(जोधपुर). जोधपुर की बालेसर पंचायत समिति के चुनाव नतीजों के बाद बड़ा ही अजब सियासी पेंच फंस गया है। यहां की जनता ने बहुमत तो कांग्रेस को दिया है, लेकिन अब हालात ऐसे बन गए हैं कि प्रधान भाजपा का बनना लगभग तय माना जा रहा है। चुनाव में बहुमत मिलने के बाद भी कांग्रेस खुद को प्रधान की रेस से बाहर पा रही है, जिससे इलाके की राजनीति में जबरदस्त हलचल मच गई है।

आरक्षण के गणित ने पलट दी पूरी बाजी

इस अजब सियासी समीकरण के पीछे मुख्य वजह प्रधान पद का आरक्षण है। बालेसर पंचायत समिति में प्रधान का पद अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए आरक्षित है। चुनाव परिणामों के बाद जब निर्वाचित सदस्यों की स्थिति साफ हुई, तो सामने आया कि बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस के पास एक भी अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग का जीता हुआ प्रत्याशी नहीं है। वहीं, दूसरी ओर भाजपा के खेमे में दो एसटी उम्मीदवार चुनाव जीतकर आए हैं। ऐसे में नियम के मुताबिक, बहुमत न होने के बावजूद भाजपा का प्रधान बनना लगभग तय हो गया है।

रविवार को पुनर्मतदान के बाद साफ हुई तस्वीर

कल यानी रविवार को बालेसर पंचायत समिति के दो वार्डों (वार्ड-3 और वार्ड-10) के दो बूथों पर पुनर्मतदान करवाया गया था। दरअसल, 20 नवंबर को मतगणना के दौरान वार्ड-3 के बूथ-10 और वार्ड-10 के बूथ-63 की ईवीएम में तकनीकी खराबी आने के कारण गणना पूरी नहीं हो सकी थी। इसी वजह से रविवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धर्मदिया बेरा देवनगर (वार्ड-3, बूथ-15) और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धांधलों की ढाणी पाबूनगर (वार्ड-10, बूथ-63) पर दोबारा वोट डाले गए।

एक-एक सीट पर दोनों दलों को मिली थी जीत

रविवार को हुए पुनर्मतदान में मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। यहां कुल 81.21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वार्ड-3 में 821 में से 724 (88.19 %) और वार्ड-10 में 1015 में से 767 (75.57 %) मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। रविवार रात बालेसर उपखंड कार्यालय में हुई मतगणना के बाद आरओ सुमन राठौड़ ने परिणाम घोषित किए, जिसमें वार्ड-3 से कांग्रेस प्रत्याशी इंदिरा देवी ने 115 वोटों से और वार्ड-10 से भाजपा के रमेश भील ने 96 वोटों से जीत दर्ज की।

बता दें कि बालेसर पंचायत समिति का रिजल्ट सामने आने के बाद कांग्रेस को 9 सीट पर तो बीजेपी को 6 साट पर जीत हासिल हुई है।

वार्ड नंबरविजेता उम्मीदवार का नामपार्टीउम्मीदवार की श्रेणी
वार्ड 1चन्द्रो कुमारीभाजपा (BJP)ST (महिला)
वार्ड 2तिल्ला रामकांग्रेस (INC)SC
वार्ड 3इंद्रा देवीकांग्रेस (INC)OBC (महिला)
वार्ड 4अशोक कुमारकांग्रेस (INC)OBC
वार्ड 5राजेन्द्र शर्माकांग्रेस (INC)General
वार्ड 6चुतरा रामभाजपा (BJP)OBC
वार्ड 7अभय कंवरकांग्रेस (INC)General (महिला)
वार्ड 8मंजू देवीकांग्रेस (INC)SC (महिला)
वार्ड 9सुरेन्द्र सिंहभाजपा (BJP)General
वार्ड 10रमेशभाजपा (BJP)ST
वार्ड 11भवानी सिंहकांग्रेस (INC)SC
वार्ड 12पिंटू कँवरकांग्रेस (INC)General (महिला)
वार्ड 13सुमन कँवरकांग्रेस (INC)General (महिला)
वार्ड 14गुड्डी देवीभाजपा (BJP)ST (महिला)
वार्ड 15भोमारामभाजपा (BJP)OBC