
Bhanwari Devi Bishnoi Murder Case : लोहावट थानातंर्गत जंभेश्वरनगर गांव में घर के बाहर सो रही भंवरीदेवी विश्नोई की गला रेत कर हत्या करने के मामले के चौथे दिन भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर लोगों का धरना शुक्रवार को भी जारी है। पुलिस समझाइश का प्रयास कर रही है। जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह व एसपी सतनाम सिंह आज चौथे दिन दोपहर करीब ढाई बजे धरना स्थल पर पहुंचे। जिला कलक्टर व एसपी ने धरने पर बैठे जनप्रतिनिधि व नागरिकों से बातचीत की। उधर नागरिकों ने मामले हुई अब तक की प्रोग्रेस रिपोर्ट के बारे में कलक्टर व एसपी से जानकारी मांगी। कुछ वक्त के बाद जिला कलक्टर-एसपी से वार्ता में सहमति बनी। देर शाम धरना समाप्त हो गया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम हुआ।
फलोदी पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे है। विभिन्न टीमें इसके लिए प्रयासरत हैं। इधर, मामले को लेकर लोगों का आक्रोश जारी है।
जिला कलक्टर अंकितकुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह धरना स्थल पर पहुंचे। परिजनों की मांग पर पुलिस और प्रशासन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच दिन का समय मांगा। जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। इस आश्वासन के बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया।
इस आश्वासन के बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया। धरने में फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई, पूर्व प्रधान भागीरथ बेनीवाल, जीएसएस अध्यक्ष ओमप्रकाश राव, जेताराम जगुवाणी, नारायणराम डाबड़ी, भागीरथ तेतरवाल, कॉ-आपरेटिव बैंक के चैयरमेन शंकरलाल माचरा सहित कई जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
जिला अस्पताल की मोर्चरी के आगे चल रहे चौथे दिन धरने पर दोपहर करीब ढाई बजे जिला कलक्टर तथा पुलिस अधीक्षक पहुंचे। उन्होंने अब तक जांच रिपोर्ट से लोगों को अवगत कराया। इसके बाद संतों, जनप्रतिनिधियों व मृतका के परिवार के सदस्यों के साथ जिला अस्पताल के कक्ष में अलग से बातचीत हुई। सहमति बनने पर धरने को समाप्त किया गया। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी दिनेश आचार्य, फलोदी वृताधिकारी अचलसिंह देवड़ा, तहसीलदार मोतीलाल चोरटिया भी मौजूद रहे।
वार्ता में पुलिस-प्रशासन ने मामले में खुलासा करने में पांच दिन का समय मांगा। इसके अलावा धरने में शामिल लोगों ने प्रकरण की जांच लोहावट सीआई के स्थान पर आरपीएस से करवाने की मांग रखी। इस पर जांच आरपीएस से करवाने का आश्वासन दिया। दूसरी तरह, वार्ता से पहले पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई ने अनशन की चेतावनी दी थी।
जिला अस्पताल की मोर्चरी के आगे लोहावट के आसपास के गांवों के अलावा फलोदी, जोधपुर सहित कई जिलों से लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। धरने पर बैठे लोग आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक अड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा।
फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र में जंभेश्वर नगर में सोमवार देर रात 1 बजे घर के बाहर सो रही 32 वर्षीय महिला भंवरी विश्नोई की अज्ञात हमलावर ने गला रेतकर हत्या कर दी। मां को बचाने के लिए उठी उसकी 16 वर्षीय बेटी रामज्योति पर भी हमलावर ने बेरहमी से चाकू से वार किए। इतना ही नहीं, 10 वर्षीय छोटी बेटी भी हमले से नहीं बच सकी और उसके हाथ पर चाकू मार दिया गया। गंभीर रूप से घायल किशोरी का जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतका के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि बेटी की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। महिला का पति गंगाविशन विश्नोई ट्रक चालक है। घटना के समय बाहर था। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है और आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।