
Jodhpur Weather Update : जोधपुर. राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में रविवार को उत्तरी ठंडी हवा के प्रभाव से सर्दी का असर अधिक रहा। जोधपुर में भी रात के तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद तेज हवा की वजह से सर्दी अधिक महसूस की गई। दिन में हवा की गति 9 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इससे दिन का तापमान तीस डिग्री के भीतर आ गया। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह तापमान में मामूली उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक था। सुबह हवा में पचास फीसदी से अधिक नमी और उस पर चल रही ठंडी हवा के झौंकों से सर्दी का असर बढ़ा दिया। सर्द मौसम के कारण लोगों को सुबह से ही ऊनी कपड़े पहनने पड़े। छुट्टी होने की वजह से सुबह सुबह लोग घर के बाहर और छतों पर गुनगुनी धूप का सेवन करते देखे गए। दिन में भी हवा का असर बना रहा। दिन में तापमान 29.3 डिग्री रहा जो लगभग सामान्य के करीब था। शाम ढलने के बाद सर्दी का असर तेजी से गहराने लगा। रात में अच्छी खासी सर्दी रही।
मौसम में हल्की ठंडक घुलते ही शहर के पर्यटन स्थलों का नजारा बदलने लगा है। गुलाबी ठंड के बीच मंडोर गार्डन से लेकर कायलाना झील तक सुबह और शाम पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। ऐतिहासिक धरोहरों के बीच राजस्थानी संस्कृति को करीब से निहारते देसी-विदेशी सैलानी हों या खुशनुमा मौसम में सुकून के पल बिताने पहुंचे शहरवासी, हर तरफ चहल-पहल नजर आने लगी है।
कोई मंडोर की ऐतिहासिक इमारतों और मंदिरों को कैमरे में कैद कर रहा है तो कोई कायलाना की खूबसूरत वादियों और झील के नजारों का आनंद ले रहा है। कहीं ऊंट की सवारी और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं तो कहीं परिवार और दोस्तों के साथ घूमने का सिलसिला जारी है। मौसम की इस करवट ने शहर के पर्यटन स्थलों को एक बार फिर गुलजार कर दिया है।