
जोधपुर। नगर निगम जोधपुर के 100 वार्डों की मतगणना में सोमवार को कांटे की टक्कर रही। किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतगणना के दौरान कांग्रेस व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 44-44 व राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) प्रत्याशी ने जीत हासिल की। एक बूथ की ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी के चलते वार्ड-50 का परिणाम जारी नहीं हो पाया। इस बूथ पर अब संभवत: बुधवार को पुनर्मतदान करवाया जाएगा।
नगर निगम जोधपुर के 100 वार्डों के लिए गत 11 सितम्बर को मतदान हुआ था, जिसमें 5,12,410 मतदाताओं ने वोट किए थे। इन वार्डों की सोमवार को मतगणना की गई। सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना दोपहर 2.15 बजे चली। वार्ड-50 की मतगणना पूरी नहीं की जा सकी। तकनीकी गड़बड़ी की वजह से एक ईवीएम मशीन में दर्ज 770 वोट गिने नहीं जा सके। बाकी 99 वार्डों में से कांग्रेस व भाजपा को 44-44 वार्ड और आरएलपी को एक वार्ड में जीत हासिल हुई। 10 वार्डों में निर्दलीय जीते। दोनों ही पार्टी बहुमत के लिए आवश्यक 51 पार्षदों के आंकड़े से दूर रह गईं।
निगम के चुनाव परिणाम में कांग्रेस व भाजपा को 44-44 वार्ड में जीत मिली। वार्ड-50 का परिणाम शेष है। पुनर्मतदान के बाद वार्ड-50 ही तय करेगा कि चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस बनेगी या फिर भाजपा। वहीं केन्द्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का गृह वार्ड-56 है, जहां से कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पादेवी ने भाजपा की भावना बूब को हराया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह वार्ड-88 में भाजपा के अशोक कुमार खींची ने कांग्रेस के त्रिलोक चंदेल को हराया।
चुनाव में कांग्रेस से पूर्व महापौर कुंती परिहार वार्ड-100 से हार गईं। भाजपा की निकिता ने उन्हें 259 वोट से हराया। वार्ड-42 में शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा को भाजपा के दिग्गज नेता मेघराज लोहिया ने 279 वोटों से हराया। वार्ड-7 में केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के करीबी भाजपा के रविन्द्र सिंह मामडोली को कांग्रेस के गिरधारीसिंह ने 279 वोटों से हरा दिया। वार्ड-40 में कांग्रेस के नरेश चन्द्र जोशी ने भाजपा नेता व पूर्व उप महापौर देवेन्द्र सालेचा को 299 वोटों से हराया।
शहर विधानसभा के 26 वार्डों में से 14 में कांग्रेस, 11 में भाजपा व एक में निर्दलीय जीते। सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र के 28 वार्ड में 13 में कांग्रेस, 12 में भाजपा, 1 में रालोपा व 2 में निर्दलीय विजयी रहे। सूरसागर विधानसभा क्षेत्र में 38 वार्ड में से 20 में भाजपा, 13 में कांग्रेस व 5 में निर्दलीय जीते। लूनी विधानसभा के 8 वार्डों में से 4 में कांग्रेस, 1 में भाजपा, 2 निर्दलीय जीते। एक वार्ड का परिणाम आना शेष है।