
जोधपुर. दिल्ली एयरपोर्ट पर छाए प्रदूषण के बादल सहित विभिन्न कारणों से सोमवार को भी कई फ्लाइट्स लेट हो गई। दिल्ली-जोधपुर की अधिकांश फ्लाइट देरी से आई। एयर इंडिया की मुंबई व दिल्ली दोनों फ्लाइट लेट होने के कारण एयरपोर्ट पर बैठे-बैठे यात्री परेशान हो गए। विस्तारा एयरलाइंस की जोधपुर-दिल्ली फ्लाइट भी लेट थी। इंडिगो एयरलाइंस कम्पनी का सर्वर सुबह-सुबह डाऊन हो जाने के कारण विभिन्न स्थानों से जोधपुर आने वाले यात्री कई एयरपोर्ट पर अटक गए। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू, अहमदाबाद सहित कई एयरपोर्ट के बॉर्डिंग काउंटर पर यात्रियों की कतारें लग गई।
एयर इंडिया की दिल्ली-जोधपुर उड़ान करीब एक घंटा लेट थी। यह जहाज दोपहर 12.55 पर दिल्ली से उडकऱ दोपहर 2.15 बजे जोधपुर पहुंचता है जबकि दिल्ली से ही यह फ्लाइट 2.15 बजे उड़ी। जोधपुर-दिल्ली उड़ान का निर्धारित समय दोपहर 2.55 है जबकि यह अपरान्ह करीब 4 बजे रवाना हुई। एयर इंडिया की मुंबई जोधपुर फ्लाइट भी लेट आई। इसका निर्धारित समय सुबह 9.35 पर रवाना होकर 11.20 पर जोधपुर पहुंचना है, जबकि यह जोधपुर पहुंचने के समय पर मुंबई से रवाना हुई और दोपहर 12.40 पर जोधपुर में जहाज उतरा। जोधपुर-मुंबई फ्लाइट भी सवा घंटे से अधिक लेट हो गई। फ्लाइट अपने निर्धारित समय सुबह 11.55 के स्थान पर दोपहर 1.20 पर उड़ी।
इंडिगो की दिल्ली-जोधपुर फ्लाइट करीब एक घंटा देरी के साथ जोधपुर पहुंची। दिल्ली-जोधपुर फ्लाइट दोपहर डेढ़ बजे आती है। सोमवार को यह 2.30 बजे आई। इसके कारण इंडिगो की जोधपुर-अहमदाबाद फ्लाइट लेट हो गई। फ्लाइट अपने निर्धारित समय दोपहर 2 के स्थान पर सवा तीन बजे अहमदाबाद के लिए रवाना हुई। अहमदाबाद-जोधपुर फ्लाइट भी लेट रही। इंडिगो की जोधपुर-दिल्ली फ्लाइट करीब डेढ़ घंटा देरी से दिल्ली के लिए रवाना हुई। यह फ्लाइट शाम 5 बजे के स्थान पर शाम 6.22 पर उड़ी।
विस्तारा एयरलाइंस की दिल्ली-जोधपुर फ्लाइट केवल बीस मिनट देरी से थी। यह दोपहर 3.20 पर जोधपुर पहुंची, लेकिन कम्पनी की जोधपुर-दिल्ली फ्लाइट करीब एक घण्टा लेट हो गई। यह अपने निर्धारित समय 3.35 के स्थान पर अपराह्न 4.25 पर जोधपुर से रवाना हुई। स्पाइस जेट की दिल्ली-जोधपुर फ्लाइट 10 मिनट लेट रही। यह फ्लाइट अपराह्न करीब 4 बजे जोधपुर पहुंची। कंपनी की जोधपुर-दिल्ली फ्लाइट समय से रवाना हुई लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते उतरते करीब आधा घंटा पीछे हो गई।