जोधपुर

LPG Crisis : देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं, गजेन्द्र सिंह शेखावत बोले- केरोसिन का कोटा भी खोला

LPG Crisis : जोधपुर में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है। शेखावत ने कहा गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कमर्शियल आपूर्ति को भी 20 प्रतिशत तक राहत दी गयी है और केरोसिन का कोटा भी खोल दिया गया है।
2 min read
Gajendra Singh Shekhawat said There is no shortage of petroleum products in country kerosene quota has also been opened
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत। फाइल फोटो पत्रिका

LPG Crisis : राजस्थान सहित पूरे देश में एलपीजी संकट बरकरार है। पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है। जोधपुर में शनिवार को मीडिया से बातचीत में गजेन्द्र सिंह शेखावत ने वैश्विक युद्ध की स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि पश्चिम पूर्व में जारी तनाव के कारण दुनियाभर के देशों के सामने चुनौतियां खड़ी हुई हैं।

उन्होंने पड़ोसी देशों की तुलना करते हुए कहा कि पाकिस्तान में लगभग इमरजेंसी जैसी स्थिति है, जबकि बंगलादेश में छुट्टियां घोषित करके सरकारी कर्मचारियों को 'वर्क फ्रॉम होम' पर भेज दिया गया है।

कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

देश के 33 करोड़ गैस उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता घरेलू उपभोक्ता हैं। गैस की आपूर्ति निर्बाध रहे, इसके लिए एक बुकिंग प्रोटोकॉल बनाया गया है, ताकि घबराहट में आकर लोग जमाखोरी न करें।

गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कमर्शियल आपूर्ति को भी 20 प्रतिशत तक राहत दी गयी है और केरोसिन का कोटा भी खोल दिया गया है।

अब अमेरिका तक पहुंच चुकी है हमारी सप्लाई लाइन

गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत अपनी जरूरत का 60 प्रतिशत से ज्यादा क्रूड ऑयल आयात करता है, जिसका 75 प्रतिशत फारस की खाड़ी के 'होर्मुज क्षेत्र' से आता है। ईरान के रोक लगाए जाने से आपूर्ति बाधित हुई थी, लेकिन सरकार ने सक्रिय तौर काम करते हुए अपने आयात स्रोतों का विस्तार किया।

हम पहले 27 देशों से तेल मंगाते थे, लेकिन अब हमने 40 देशों के साथ समझौते कर आपूर्ति सुनिश्चित की है। हमारी सप्लाई लाइन अब खाड़ी देशों से आगे बढ़कर अमेरिका तक पहुंच चुकी है।

कांग्रेस के प्रदर्शनों पर गजेन्द्र सिंह शेखावत ने ली चुटकी

कांग्रेस के प्रदर्शनों पर चुटकी लेते हुए गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर में प्रदर्शन करने वालों के घर जाकर देखना चाहिए कि क्या वहां लकड़ी या कोयले पर खाना बन रहा है। सबके घरों में गैस जल रही है, फिर भी भ्रम फैलाया जा रहा है।

'काल्पनिक सूचनाओं' पर आधारित हैं राहुल गांधी के बयान

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों पर पलटवार करते हुए गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि उनकी बातों को अब उनकी अपनी पार्टी भी गंभीरता से नहीं लेती।

रूस से तेल आयात के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले एक साल में भारत के कुल आयात का 22 प्रतिशत हिस्सा अकेले रूस से आया है, जो लगातार जारी है। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को 'काल्पनिक सूचनाओं' पर आधारित बताया।

Published on:
15 Mar 2026 02:04 pm