जोधपुर

‘राजस्थान के निकाय चुनावों में खिलेगा कमल’, केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने ‘जादूगर’ के सवाल पर भी कसा तंज

Gajendra Singh Shekhawat: केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राजस्थान में होने वाले आगामी पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत का भरोसा जताया।
2 min read
Aug 05, 2026
Gajendra Singh Shekhawat
केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत। फोटो- पत्रिका

जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राजस्थान में होने वाले आगामी पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में विकास की एक नई धारा बही है। भाजपा का पूरा संगठन एकजुट होकर पूरी गंभीरता से इन चुनावों की तैयारी कर रहा है। राजस्थान की जनता का पूरा आशीर्वाद एक बार फिर भाजपा को मिलेगा। शेखावत ने भारत-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को देश और विशेषकर राजस्थान के आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर बताया है।

बुधवार को जोधपुर में अपने निज निवास पर मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि भारत और यूके के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से भारत के इंजीनियरिंग, हैंडीक्राफ्ट और लेदर उद्योग को बड़ी राहत मिली है। अब भारत से यूके निर्यात होने वाले 99% उत्पाद बिना किसी आयात शुल्क (जीरो टैरिफ) के वहां के बाजार में पहुंच सकेंगे। इस समझौते की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लागू होने के पहले ही दिन भारत से 140 मिलियन यूएस डॉलर के उत्पाद यूके निर्यात किए गए।

शेखावत ने इस समझौते का राजस्थान पर पड़ने वाले सीधे प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि जोधपुर का हैंडीक्राफ्ट, जयपुर की जेम्स एंड ज्वेलरी और राजस्थान के लेदर गुड्स बड़ी मात्रा में यूके निर्यात होते हैं। आयात शुल्क शून्य होने से प्रदेश के इन उद्योगों को निश्चित रूप से बड़ा लाभ मिलेगा और निर्यात में भारी उछाल आएगा। उन्होंने बताया कि इस एग्रीमेंट में फ्री ट्रेड के साथ-साथ 'मोबिलिटी समझौता' भी शामिल है। इससे व्यापार और रोजगार के सिलसिले में यूके जाने वाले भारतीयों को वर्क वीजा आसानी से मिल सकेगा। तकनीकी क्षेत्र के प्रोफेशनल्स के लिए यूके के दरवाजे खुलेंगे और भारत की प्रतिभा दुनिया में अपना डंका बजाएगी।

'जादूगर' के सवाल पर कसा तंज

जब पत्रकारों ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के चार दिनों तक जोधपुर में रहने और उनके 'जादू' चलने की संभावना पर सवाल पूछा तो केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बेहद सहजता से तंज कसते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मैं तो अभी आया हूं, मुझे कोई तिलिस्म दिख नहीं रहा है।

Updated on:
05 Aug 2026 11:30 am
Published on:
05 Aug 2026 11:30 am