
फलोदी। फलोदी के रिण नमक क्षेत्र में मजदूरी कर रहे दो सगे भाई व उनके बहनोई की नमक के कुएं की सफाई के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों रिण नमक क्षेत्र में श्यामसुंदर पुत्र चौथमल नाई निवासी फलोदी वाले के कुएं की खुदाई का कार्य कर रहे थे। इस दौरान कुएं में जहरीली गैस का रिसाव होने से दम घुटने पर तीनों की एक साथ मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई व तीसरा मृतकों का बहनोई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचा और शवों को बाहर निकलवाया गया। जिसके बाद तीनों के शव लेकर मोर्चरी में आए, जहां परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया गया।
जिला कलक्टर एसपी पहुंचे मौके पर
जहरीली गैस रिसाव से तीन व्यक्तियों की मौत के समाचार के बाद जिला कलक्टर जसमीतसिंह संधू व पुलिस अधीक्षक हुनमान प्रसाद मीना भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मौका निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान बाप उपखण्ड अधिकारी मांगीलाल सुथार, पुलिस उप अधीक्षक फलोदी रामकरणसिंह मलिण्डा, बाप व जाम्बा के थानाधिकारी मय जाब्ता भी मौके पर मौजूद रहे और राहत पहुंचाने व शवों को बाहर निकलवाने में मशक्कत की। घटना की सूचना पर रिण क्षेत्र के ग्रामीण व मजदूर भी मौके पर जमा हो गए।
पाली से मजदूरी करने आए थे मृतक
वृताधिकारी रामकरणसिंह मलिण्डा ने बताया कि पुलिस थाना जाम्बा के हल्का सरहद देगावड़ी में नमक कुएं में सफाई करते तीन व्यक्तियों की मौत हो गई है। जिसमें दो व्यक्ति पाली जिले के जैतारण हल्का क्षेत्र है, वहीं उनका बहनोई बिलाड़ा थाना क्षेत्र का निवासी है। तीनों यहां मजदूरी करने आए हुए थे। जिनमें लक्ष्मण पुत्र प्रभुराम बावरी उम्र 23 साल, रविदास पुत्र प्रभुराम बावरी उम्र 21 साल दोनों कुशालपुरा पुलिस थाना जैतारण जिला पाली निवासी और उनका बहनोई तिलोकराम पुत्र तेजाराम जाति बावरी उम्र 30 वर्ष निवासी लांबा पुलिस थाना बिलाड़ा जिला जोधपुर ग्रामीण है। तीनों व्यक्ति रविवार को श्यामसुंदर पुत्र चौथमल नाई निवासी फलोदी के कुए में खुदाई का कार्य कर रहे थे।