जोधपुर

Rajasthan Weather: मई में गर्मी से राहत! जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान में 14 मई तक बारिश, आंधी और 40-50 km/h तेज हवाओं का अलर्ट

Rajasthan Weather Forecast: मई की भीषण गर्मी के बीच पश्चिमी राजस्थान में मौसम राहत के संकेत दे रहा है। जोधपुर सहित कई जिलों में 14 मई तक आंधी, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

2 min read
May 01, 2026
IMD Forecast for May
फाइल फोटो

जोधपुर। तेज गर्मी के बीच मई के प्रथम पखवाड़े में मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 1 से 14 मई के बीच क्षेत्र में आंधी, मेघगर्जन और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

यह वीडियो भी देखें

इस अवधि में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का संयुक्त प्रभाव देखने को मिलेगा। इसके असर से दोपहर बाद 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वानुमान में जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, पाली और जालोर सहित कई जिलों में मौसम के तेवर बदलने की बात कही गई है।

सामान्य से अधिक रह सकती है बारिश

विभाग के अनुसार इस दौरान बारिश सामान्य से अधिक रह सकती है, जिससे तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी होने की संभावना कम है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बने रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है।

गर्मी और उमस का मिला-जुला असर

उधर जोधपुर में दिनभर गर्मी और उमस का मिला-जुला असर देखने को मिला। सुबह हल्के बादल छाए रहने और हवा चलने के कारण उमस महसूस हुई, जबकि दोपहर में धूप तेज होते ही तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य के करीब रहा।

मौसम ने अचानक करवट ली

शाम के समय शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ली। कई इलाकों में हल्की से तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि शहर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। इस बदलाव से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक आंधी, बादल और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में मई की शुरुआत अपेक्षाकृत राहत भरी रहने की उम्मीद की जा रही है। लगातार बदलते मौसम के कारण लोगों को सतर्क रहने और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है।

वहीं ओसियांक्षेत्र में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को चौंका दिया। दोपहर तक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, लेकिन शाम होते-होते धूलभरी आंधी और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। इससे गर्मी से राहत मिली।

Updated on:
01 May 2026 03:23 pm
Published on:
01 May 2026 02:26 pm