
Photo Patrika
Rajasthan Weather Forecast: मौसम विभाग ने राजस्थान में ओलावृष्टि के बाद आगामी 6 दिन यानी 1 से 6 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। झालावाड़ समेत कई जिलों में बुधवार और गुरुवार को आंधी और ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश हुई। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम के इस बदले मिजाज से किसानों में भी चिंता देखी जा रही है।
मौसम विभाग ने 1 मई से 6 मई तक जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर संभागों में बारिश का अलर्ट दिया है। वहीं 2 मई को अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक, बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, फलौदी और श्रीगंगानगर में आंधी-मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है।
अचानक बदले मौसम ने गुरुवार शाम क्षेत्र में तबाही मचा दी। तेज आंधी, बारिश और चने के आकार के ओलों के साथ आए तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवा के कारण नगर में एक दर्जन से अधिक पेड़ और उनकी बड़ी टहनियां गिर गईं, जिससे बिजली के तार टूटकर सड़कों पर आ गिरे।
कुछ ही मिनटों में मौसम ने ऐसा करवट बदला कि सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। तेज हवा के चलते कई स्थानों पर बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ों की टहनियां पोलों और तारों पर गिरने से पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली के तार टूटकर सड़कों पर गिरने से हादसे का खतरा बना रहा और लोग उनसे बचते हुए दिखाई दिए। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और गिरे पेड़ों को हटाकर आपूर्ति बहाल करने का काम शुरू किया, जो देर रात तक जारी रहा
Published on:
01 May 2026 08:36 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
