जोधपुर

एयर डिफेंस सिस्टम का ‘वार’, फलोदी में टला बड़ा हादसा, पाकिस्तान की मिसाइलें हवा में नष्ट, खेतों में मिला मलबा

Operation Sindoor: हमले में नाकाम हुई पाकिस्तान की मिसाइलें फलोदी जिले के उग्राम गांव में सुजानसिंह की ढाणी व ढढू गांव में गिरीं। खेतों में यह मलबा शनिवार को मिला।
2 min read
• •
Updated: 10 May 2025, 6:00 PM IST
Phalodi Missile Attack
पत्रिका फोटो

ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी के बाद बौखलाए पाकिस्तान ने शनिवार को राजस्थान के फलोदी की ओर मिसाइल दागी। फलोदी जिले के दूर-दराज के दो गांवों में मिसाइलों का मलबा मिला है। यह मलबा पाकिस्तानी मिसाइल और भारत की ओर से इस पर डिफेंस अटैक करने का मलबा है। इससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

इन गांवों में हुआ नाकाम हमला

हमले में नाकाम हुई पाकिस्तान की मिसाइलें फलोदी जिले के उग्राम गांव में सुजानसिंह की ढाणी व ढढू गांव में गिरीं। खेतों में यह मलबा शनिवार को मिला। इसके बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबे को अपने कब्जे में लिया। साथ ही पुलिस ने ऐसी किसी वस्तु के देखे जाने पर तुरंत ही सूचना देने का अलर्ट भी जारी किया है।

पाकिस्तान की करीब 20-20 फीट की दो मिसाइलों को भारतीय एयर डिफेंस ने युद्धस्तर पर प्रतिक्रिया देते हुए अत्याधुनिक मिसाइलों से मार गिराया। ग्रामीण नवल सिंह बताते हैं कि खेत में मलबा गिरा मिला, पहले कुछ खौफ लगा, लेकिन बाद में हमें लगा कि यह निष्क्रिय है तो पुलिस को सूचना दी गई। गुलाबाराम मेघवाल के खेत में इसी प्रकार मिसाइल का मलबा गिरा मिला। आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

यह वीडियो भी देखें

ग्रामीणों में कौतूहल, स्थिति नियंत्रण में

इस घटना से सीमावर्ती क्षेत्रों में कौतूहल बन गया। मिसाइल का मलबा देखने के लिए लोग पहुंचने लगे और कुछ ही देर में इसके फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। पुलिस अधीक्षक फलोदी पूजा अवाना ने ऐसी किसी वस्तु दिखने पर गाइड लाइन जारी की है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है वे किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छुएं और न ही उसके पास जाकर फोटो या वीडियो बनाएं, क्योंकि इससे जान-माल का खतरा हो सकता है। इसके साथ ही भारत की डिफेंस मिसाइलों का मलबा भी मिला है।

तीन फायर हुए

सेवानिवृत्त नायब सूबेदार करण सिंह बताते हैं कि ढढू गांव में एयर डिफेंस सिस्टम ने तीन फायर कर मिसाइलों को गिराने की सूचना मुझे मिली, तब मैं फलोदी में वीसी रूम में पूर्व सैनिकों की बैठक में था। एक मिसाइल का मलबा मेरे घर से तीन किलोमीटर पूर्व सैनिक नवलसिंह खेत में और एक ढढू गांव के डिस्काॅम पाॅवर हाउस पर गिरा है।

Updated on:
10 May 2025, 6:00 PM IST
Published on: