
जोधपुर। पत्नी को ससुराल से विदा कराकर घर लौटने की खुशी कुछ ही देर में मातम में बदल गई। बालेसर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात भारतमाला पुल के पास आगोलाई-देवगढ़ मार्ग पर खराब हुई जीप को धक्का लगा रहे तीन चचेरे भाइयों को पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की बालेसर के अस्पताल में मौत हो गई, जबकि तीसरे ने जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
यह वीडियो भी देखें
पुलिस के अनुसार गंगाना गांव निवासी दयालुनाथ (28) पुत्र बाबूनाथ अपनी पत्नी को लेने तेना गांव गया था। उसके साथ गांव के ही राजूनाथ (25) पुत्र सुरमानाथ और प्रकाश (21) पुत्र दलानाथ भी थे। शुक्रवार रात पत्नी को लेकर सभी जीप से वापस लौट रहे थे। रास्ते में बारिश और मौसम खराब होने के कारण भारतमाला पुल पार करने के बाद आगोलाई-देवगढ़ के पास जीप खराब हो गई। तीनों युवक नीचे उतरकर वाहन को धक्का लगाने लगे।
इस दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने जीप को जोरदार टक्कर मार दी। तीनों युवक जीप और पिकअप के बीच बुरी तरह फंस गए। घायलों को तत्काल बालेसर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां राजूनाथ और दयालुनाथ को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रकाश को जोधपुर रेफर किया गया, लेकिन देर रात उसने भी दम तोड़ दिया।
सबसे मार्मिक दृश्य दयालुनाथ के परिवार का था। वह पत्नी को ससुराल से विदा कराकर घर ला रहा था। किसी ने सोचा भी नहीं था कि सफर बीच रास्ते में ही खत्म हो जाएगा। हादसे के बाद पत्नी और बच्चों की आंखों के सामने ही दयालुनाथ जिंदगी की जंग हार गया। खुशियों से शुरू हुआ सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। बालेसर थानाधिकारी मूलसिंह भाटी ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हादसे ने गंगाना गांव के तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। तीनों मृतक अपने-अपने घरों के कमाने वाले प्रमुख सदस्य थे। उनकी असमय मौत से परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। गांव में शनिवार को शोक की लहर छाई रही। तीनों परिवारों में मातम का माहौल है। वहीं गमगीन माहौल में तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों की आंखों में आंसू आ गए। इधर, ग्रामीणों और परिजनों ने आरोप लगाया कि पिकअप चालक आगोलाई गांव का निवासी है और हादसे के समय नशे में था। उन्होंने चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।