
JNVU Jodhpur Students Suspended: जोधपुर के जेएनवीयू जन्मदिन मनाने की खुशी में दोस्तों के साथ कक्षाओं में घुसकर शोर मचाना और पढ़ाई बाधित करना विधि संकाय के आठ छात्रों को अब भारी पड़ गया है। संकाय ने सीसीटीवी में छात्रों की हरकतें देखीं तो पूछताछ के बाद उन्हें निलंबित कर दिया था, लेकिन कार्रवाई के बाद छात्रों ने एक और 'जुगाड़' भिड़ा दिया।
बता दें कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने जब 10 सितंबर को मां-बाप के साथ अनुशासन समिति के सामने आने को कहा तो गुरुवार को कोई छात्र मामा को लेकर पहुंचा तो कोई चाचा को यानी घरवालों तक बात पहुंचने से पहले ही रिश्तेदारों को 'अभिभावक' बनाकर विश्वविद्यालय पहुंचा दिया। हालांकि, विवि प्रशासन ने छात्रों की यह तरकीब नहीं चलने दी। साफ कर दिया कि अंडरटेकिंग माता-पिता की मौजूदगी में ही ली जाएगी। अब सभी आठ छात्रों को 15 सितंबर को मां और पिता के साथ उपस्थित होने का अंतिम मौका दिया गया है। इस तारीख तक अभिभावकों के साथ नहीं पहुंचे तो निलंबन से आगे बढ़कर टर्मिनेशन की कार्रवाई की जाएगी।
मामला तीन सितंबर को एक छात्र के जन्मदिन से शुरू हुआ। छात्र अपने साथियों के साथ संकाय की अलग-अलग कक्षाओं में पहुंचा और वहां शोर-शराबा किया। इससे कक्षाओं में चल रही पढ़ाई प्रभावित हुई। संकाय के अधिकारियों ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग देखी तो छात्रों की गतिविधियां सामने आ गई। इसके बाद आठ छात्रों से पूछताछ की गई और प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता मानते हुए निलंबन का आदेश जारी किया गया।
निलंबित छात्रों में देवराज सिंह, लक्ष्मण सिंह, अचल सिंह, दुर्यंत चौधरी, मुकेशराज, आदित्य सिंह, प्रवीण चौधरी और दक्षराज सिंह शामिल हैं। आदेश के मुताबिक, निलंबन के दौरान ये छात्र विधि संकाय परिसर में बिना अनुमति प्रवेश नहीं कर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने यह भी चेताया है कि किसी छात्र को धमकाने या प्रभावित करने का प्रयास हुआ तो प्रवेश निरस्त करने के साथ पुलिस कार्रवाई की जाएगी।