
जोधपुर. तीन महीने पहले तक ‘नो फ्लाइट डे’ झेल रहे जोधपुर एयरपोर्ट पर अब एयरलाइंस कम्पनियों के विमानों की रेलमपेल हो गई है। मंगलवार को जोधपुर से विस्तारा एयरलाइंस ने दिल्ली और मुंबई के लिए अपनी उड़ानें शुरू की। इससे पहले दिवाली के दिन स्पाइस जेट ने दिल्ली, मंबई और अहमदाबाद के लिए एक साथ तीन फ्लाइटें शुरू की और इंडिगो ने पहली बार जोधपुर-बेंगलुरू की सीधी हवाई सेवा की भी शुरुआत की। जोधपुर से देश की राजधानी दिल्ली और वित्तीय राजधानी मुंबई के लिए अब चार एयरलाइंस कम्पनियों की उड़ानें हो गई हैं। कुल मिलाकर जोधपुर से वर्तमान में 22 फ्लाइट्स संचालित हो रही है। बीस नवम्बर को जोधपुर-पुणे फ्लाइट शुरू होने के बाद इनकी संख्या 24 हो जाएगी जो संभवत: अब तक का रिकॉर्ड होगा।
विस्तारा ने मंगलवार को अपनी उड़ानें शुरू की। कम्पनी की जोधपुर-मुंबई उड़ान शाम को है। यात्री दिन में जोधपुर में अपना काम समाप्त करके शाम को ही मुंबई लौट सकते हैं। विस्तारा ने किराया भी औसत रखा है। नई उड़ान के लिए सभी कर सहित इकोनॉमी श्रेणी का किराया दिल्ली-जोधपुर के लिए 4,099 रुपए और मुंबई-जोधपुर के लिए 6,499 रुपए से शुरू होगा। इंडिगो की जोधपुर-दिल्ली उड़ान भी शाम को ही संचालित हो रही है। स्पाइस जेट ने रविवार को तीन शहरों के लिए अपनी सेवाएं शुरू की। एयरलाइंस कंपनी की जोधपुर-मुंबई फ्लाइट सुबह है। जोधपुर से अहमदाबाद की फ्लाइट दोपहर बाद है जो शाम को अहमदाबाद छोड़ती है।
बेंगलुरू फ्लाइट शुरू, पुणे फ्लाइट 20 नवम्बर से
दिवाली के दिन एयरलाइंस कम्पनी इंडिगो ने जोधपुर-बेंगलुरू के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की। विमान खचाखच भरकर बेंगलुरू गया। यह फ्लाइट सुबह 9.40 पर बेंगलुरु से प्रस्थान करके दोपहर 12.05 पर जोधपुर आती है। बेंगलुरु से जोधपुर यात्रा में 2.25 घंटे लगते हैं। जोधपुर-बेंगलुरु फ्लाइट दोपहर 12.35 बजे रवाना होकर अपराह्न 3.20 पर बेंगलुरु पहुंचती है। स्पाइस जेट बीस नवंबर से जोधपुर-पुणे फ्लाइट शुरू करेगा। जोधपुर-पुणे फ्लाइट दोपहर 1.40 पर रवाना होकर अपराह्न 3.30 पर पुणे पहुंचेगी। पुणे से यह फ्लाइट सुबह 11.35 पर है।
5 सितम्बर से शुरू हुई फ्लाइटें
जोधपुर में तीस मार्च 2019 के बाद एक के बाद एक के नौ फ्लाइट बंद हो गई थी। मई आते-आते केवल एयर इंडिया की जोधपुर-दिल्ली और जोधपुर-मुंबई उड़ान ही बची थी। हज यात्रा शुरू होने के बाद ये दोनों उड़ानें भी अनियमित हो गई। जुलाई-अगस्त में स्थिति यह भी आई कि करीब पांच दिनों तक जोधपुर एयरपोर्ट पर नो फ्लाइट डे भी रहा था। पांच सितम्बर से जोधपुर एयरपोर्ट के दिन फिरने शुरू हुए। इस दिन से जोधपुर से इंडिगो ने दिल्ली और अहमदाबाद के लिए फ्लाइट शुरू की। एक सप्ताह बाद 16 सितम्बर को इंडिगो की जोधपुर-मुंबई फ्लाइट भी शुरू हो रही है। विस्तारा व स्पाइस जेट की हवाई सेवा शुरू होने के बाद अब जोधपुर से प्रतिदिन 22 फ्लाइट संचालित हो रही है।