
Jodhpur airport new terminal : जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल पश्चिमी राजस्थान के विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि 4 जुलाई को प्रधानमंत्री की ओर से एयरपोर्ट के लोकार्पण के साथ ही क्षेत्र में विकास के एक नए युग की शुरुआत होगी। यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने वाली बड़ी आधारभूत परियोजना है। उड़ान फेज 2 की भी शुरुआत करेंगे।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि वर्ष 2014 तक जोधपुर एयरपोर्ट पर एक समय में केवल दो बड़े विमान ही खड़े हो सकते थे। रात में या खराब मौसम के दौरान विमानों की लैंडिंग की पर्याप्त सुविधा भी नहीं थी। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एयरपोर्ट का व्यापक विस्तार किया गया है और अब यहां एक साथ 12 विमान खड़े किए जा सकेंगे। इसके साथ ही यात्री संभालने की क्षमता भी करीब दस गुना बढ़ गई है। उड़ान योजना के जरिए आम लोगों के लिए हवाई यात्रा अधिक सुलभ हुई है और एयरपोर्ट का दूसरा चरण क्षेत्रीय हवाई संपर्क को नई गति देगा।
करीब तीन साल की निर्माण प्रक्रिया और सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जोधपुर का नया एयरपोर्ट टर्मिनल अब उद्घाटन की दहलीज पर खड़ा है। नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) से सुरक्षा संबंधी अंतिम मंजूरी मिलने के बाद अब सारी तैयारियां उद्घाटन समारोह पर केंद्रित हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ऑपरेशनल) के कार्यकारी निदेशक एस.एस. राजू ने जोधपुर पहुंचकर टर्मिनल और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
करीब 400 करोड़ रुपए की लागत से बना नया टर्मिनल वर्तमान एयरपोर्ट की तुलना में लगभग दोगुनी क्षमता वाला होगा। यहां प्रतिवर्ष 25 लाख यात्रियों के आवागमन की व्यवस्था की गई है। टर्मिनल में छह एयरोब्रिज, आठ बोर्डिंग गेट, चार डिपार्चर गेट, 20 चेक-इन काउंटर और तीन बैगेज बेल्ट स्थापित की गई हैं। एयरक्राफ्ट एप्रन भी इतना बड़ा बनाया गया है कि एक साथ 12 विमान खड़े किए जा सकेंगे। नया टर्मिनल मॉड्यूलर स्टील स्ट्रक्चर और जीएफआरसी तकनीक से निर्मित है, जिसमें विशाल लाउंज क्षेत्र को केवल छह कॉलम के सहारे डिजाइन किया गया है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार उद्घाटन के कुछ ही सप्ताह बाद नए टर्मिनल से नियमित फ्लाइट संचालन शुरू होने की संभावना है। वर्तमान में जोधपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलूरु, अहमदाबाद, पुणे और हैदराबाद के लिए नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। नए टर्मिनल के शुरू होने के बाद एयरलाइंस के लिए अतिरिक्त स्लॉट उपलब्ध होंगे, जिससे नए शहरों के लिए उड़ानों की संभावना भी मजबूत मानी जा रही है।