जोधपुर

भ्रामक खबरों से बचेंगे व औरों को भी बचाएंगे, सभी के साथ मिलकर जरूर करेंगे वोट

राजस्थान पत्रिका एवं फेसबुक के साझा अभियान शुद्ध का युद्ध के तहत मेडिकल कॉलेज व घंटाघर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन
2 min read
Nov 24, 2018
Avoid misleading news and save others
भ्रामक खबरों से बचेंगे व औरों को भी बचाएंगे, सभी के साथ मिलकर जरूर करेंगे वोट

जोधपुर.
विधानसभा चुनाव की मतदान तिथि नजदीक आने के साथ ही जोधपुर शहर में वोट जागरूकता का संदेश चहुंओर बढ़ रहा है। हर वर्ग के लोग अधिक से अधिक वोट देने का संकल्प लेने के साथ भ्रामक खबरों से बचने के लिए जागरूक हो रहे हैं। राजस्थान पत्रिका एवं फेसबुक के साझा अभियान के तहत शनिवार को एसएन मेडिकल कॉलेज व घंटाघर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।

मेडिकल विद्यार्थियों ने किया अधिक से अधिक वोट दिलाने का संकल्प
-फेक न्यूज की पहचान करने एवं गलत संदेशों को आगे नहीं बढ़ाने की शपथ ली
जोधपुर.
राजस्थान पत्रिका एवं फेसबुक के साझा अभियान शुद्ध का युद्ध अभियान के तहत शनिवार को डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को फेक न्यूज जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों को आगामी 7 दिसम्बर को विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक वोट दिलाने का संकल्प भी दिलाया गया। मेडिकल विद्यार्थियों ने फेक न्यूज के जागरूकता कार्यक्रम को उपयोगी व सराहनीय बताया और कहा कि उन्हें सच, राय, अपवाह व झूठ में अन्तर की पहचान हो गई हैं। भविष्य में वे भ्रामक या गलत संदेशों को आगे नहीं बढ़ाएंगे और यदि कोई भ्रामक खबर मिलेगी तो उसका बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही और लोगों को भी भ्रामक खबरों से बचने का संदेश देंगे।
कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष रोहित दुहान, संयुक्त सचिव लक्ष्मी शर्मा, सांस्कृतिक सचिव पंकज रॉयल, संयोजक अंशुल अरोड़ा व प्रकाश मीना ने भागीदारी निभाई और अन्य विद्यार्थियों को फेक न्यूज के प्रति अवेरनेस के बारे में बताया। पत्रिका टीम की ओर से विद्यार्थियों को फेक न्यूज की पहचान करने, फारवर्ड या कमेंट करने से पहले दो बार सोचने, विचारशील होने तथा फेक न्यूज को फॉरवर्ड करने से समाज या लोकतंत्र को कितना नुकसान हो रहा है, के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही व्हाट्सअप को सुरक्षित करने, किसी भी गु्रप से बाहर निकलने, किसी भी अवांछित नम्बर को ब्लॉक करने, घोषणा गु्रप को एडमिन नियंत्रण से सुरक्षित करने जैसे तरीके भी बताए गए। कॉलेज की संयुक्त सचिव लक्ष्मी शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वोट देने की शपथ दिलाई।

अरे म्हारा लाडूड़ा होच हमझ ने दीजे वोट
-घंटाघर परिसर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुति, आमजन को किया जागरूक
जोधपुर.
सुनो सुनो सुनो ... अरे म्हारा लाडूड़ा होच हमझ ने दीजे वोट। यह शहर के भीड़ भरे घंटाघर के नीचे पेश किए गए एक नाटक का रोचक नजारा था। राजस्थान पत्रिका एवं फेसबुक के साझा अभियान शुद्ध का युद्ध के तहत शनिवार शाम शहर के घंटाघर में वोट करो 'वोट करो-वोट करोÓ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के दौरान एक फ्लैक्स के प्रयोग के माध्यम से मतदान दिवस को मतदान करने के बारे में समझाया गया। दुकानदारों और खरीदारों ने नुक्कड़ के अलावा घरों और गेस्ट हाउस की छतों और बालकनियों में खड़े हो कर भी नाटक का आनंद लिया। नुक्कड़ नाटक का देसी विदेशी पर्यटकों ने भी आनंद लिया। नाटक के प्रस्तोता अमित व्यास की टीम ने इस रोचक व मनोरंजक नाटक के माध्यम से जनता को फाल्स न्यूज के खिलाफ जागरुक किया। इसमें उप उपाध्याय ने प्रश्नकर्ता, भवानीशंकर व्यास ने कवि और लक्की उपाध्याय, राज उपाध्याय, अक्षितकुमार प्रजापत व हंसिका प्रजापत ने बाल कलाकार के रूप में अदाकारी की। अंत में मतदाताओं को स्वच्छ छवि वाला उम्मीदवार चुनने और मतदान करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही मतदाता जागरूकता और फेक न्यूज के खिलाफ सजग रहने के पेम्पलेट वितरित किए गए।

Published on:
24 Nov 2018 10:47 pm