
जोधपुर. रेलवे स्टेशन के पास स्थित राजीव गांधी सहकार भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों के समय पर दफ्तर नहीं मिलने की लगातार शिकायतों के बाद सहकारिता विभाग ने निगरानी का नया तरीका अपनाया है। सहकारिता विभाग के सचिव व रजिस्ट्रार समित शर्मा अब अधिकारियों को रैंडम वीडियो कॉल कर उनकी वास्तविक लोकेशन और ड्यूटी की स्थिति जांच रहे हैं। इस कार्यवाही में अब तक तीन निरीक्षकों की जांच की गई, जिसमें एक को निलंबित कर दिया गया, जबकि दो को दूसरे शहरों में ग्रामीण शिविरों में भेज दिया गया।
पिछले दिनों क्रय-विक्रय सहकारी समिति, मथानिया में पदस्थापित निरीक्षक उम्मेद सिंह हुड्डा को सुबह 9.40 बजे वीडियो कॉल किया गया। वे मथानिया के बजाय जोधपुर स्थित अपने घर पर मिले। इसके बाद उन्हें निलंबित कर मुख्यालय जैसलमेर कर दिया गया। दूसरे मामले में डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय, जोधपुर में कार्यरत निरीक्षक किशन सिंह ने व्हाट्सएप पर 'अननोन कॉलर' से वीडियो कॉल का विकल्प बंद होने के कारण कॉल नहीं उठाई। सूचना मिलने पर उन्होंने दोबारा वीडियो कॉल की, तब तक वे कार्यालय पहुंच चुके थे। उन्हें एक माह के लिए कोटा में ग्रामीण शिविर की ड्यूटी पर भेजा गया। तीसरे निरीक्षक मुरली मनोहर व्यास उस दिन अवकाश पर थे, लेकिन समय पर पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें भी एक माह के लिए अजमेर के ग्रामीण शिविर में लगाया गया।
फील्ड ड्यूटी के नाम पर रहती थी अनुपस्थिति
सहकार भवन में अतिरिक्त रजिस्ट्रार (सहकारी समितियां), अतिरिक्त रजिस्ट्रार (अपील), डिप्टी रजिस्ट्रार (सहकारी समितियां), क्षेत्रीय अंकेक्षण अधिकारी कार्यालय, विशेष लेखा परीक्षा कार्यालय, जोधपुर उपभोक्ता होलसेल सहकारी भंडार और राजफैड सहित छह प्रमुख कार्यालय संचालित हैं। इन कार्यालयों के अधिकारियों की अलग-अलग जोधपुर संभाग की सहकारी समितियों और अन्य जिलों के निरीक्षण की जिम्मेदारी भी रहती है।
नए अतिरिक्त रजिस्ट्रार की भी चेतावनी
हालिया तबादलों के बाद जोधपुर सहकार भवन में कई नए अधिकारियों ने कार्यभार संभाला है। अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समितियां प्रशांत कल्ला ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि वीडियो कॉल के दौरान कोई कर्मचारी या अधिकारी ड्यूटी स्थल पर नहीं मिला तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी। हाल ही में राजेंद्र सिंह चारण को भंडार प्रबंध निदेशक, राकेश पुरोहित को राजफैड के क्षेत्रीय अधिकारी, ओमपाल सिंह को क्षेत्रीय अंकेक्षण अधिकारी तथा गुंजन को अतिरिक्त रजिस्ट्रार (अपील) के पद पर नियुक्त किया गया है।