जोधपुर

जोधपुर डिस्कॉम: ऐसे हाल रहे तो कहीं गुल ना हो जाए आपके घर की बिजली

एक सप्ताह बाद दुरुस्त हुआ डिस्कॉम का सिस्टम, अब 22 तक बढ़ाई बिल जमा कराने की तिथि
2 min read
Jun 19, 2018
Jodhpur Discom: you will lose your electricity
Jodhpur Discom: you will lose your electricity

पिछले सात दिन से पूरे जोधपुर डिस्कॉम क्षेत्र में नहीं जमा हो रहे थे ऑनलाइन बिल

जोधपुर डिस्कॉम क्षेत्र का ऑनलाइन बिलिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर एक सप्ताह बाद सोमवार को दुरुस्त हुआ। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सोमवार को भी शहरी क्षेत्र में ही प्रयोग के तौर पर ऑनलाइन बिलिंग शुरू की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार से यह पूरी रफ्तार पकड़ेगा। इधर, डिस्कॉम क्षेत्र के सभी 10 जिलों में बिल जमा कराने की तिथि 22 जून तक बढ़ा दी गई है।

डिस्कॉम के बिलिंग सिस्टम के सेंट्रल सॉफ्टवेयर में गत 12 जून को गड़बड़ी आ गई थी। तब दो-तीन दिन में इस समस्या को दूर करने के दावे किए गए थे। पूरे डिस्कॉम क्षेत्र में 18 जून बिल जमा कराने की अंतिम तिथि थी। लेकिन यह सॉफ्टवेयर सोमवार को ही दुरुस्त हुआ और शहरी क्षेत्रों में ऑनलाइन बिल प्रक्रिया फिर से शुरू की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में नए सिस्टम के तहत मंगलवार से यह प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसे में डिस्कॉम प्रबंधन ने अंतिम तिथि को 22 जून तक के लिए बढ़ा दिया है।

इनका कहना है
सिस्टम में तकनीकी खराबी को हमने दूर कर दिया है। सोमवार को सिस्टम शुरू हो गया है। ग्रामीण क्षेत्र में भी जल्द ही ऑनलाइन बिलिंग प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
- उमेश माथुर, अधीक्षण अभियंता आईटी, जोधपुर डिस्कॉम

सॉफ्टवेयर ठीक हो चुका है, लेकिन 18 जून जो अंतिम तिथि थी, उसे बढ़ाकर 22 जून कर दिया गया है। जिससे कि लोगों को बिल भरने में परेशानी न हो।

- डॉ. एस.के गोयल, मुख्य लेखा अधिकारी, जोधपुर डिस्कॉम।


इधर, परेशान होते रहे लोग
डिस्कॉम बिलिंग सिस्टम में ऑनलाइन खराबी होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। ई-मित्र संचालकों ने ऑनलाइन बिल भरने और रसीद देने में असमर्थता जताई। हालांकि डिस्कॉम के कार्यालयों में ऑफलाइन बिल लगातार जमा होते रहे। इसी कारण लालसागर स्थित सहायक अभियंता कार्यालय में बिल जमा करवाने लोग पहुंचे थे, जहां सिस्टम में खराबी होने के कारण लोगों ने विरोध जताया। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह कई दिन से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन बिल जमा नहीं होने से परेशानी हो रही है।

इनका कहना है-

बिल जमा करवाने के लिए चक्कर लगा रहे हैं। ऑनलाइन बिल जमा नहीं हो रहे हैं। हम कई दिन से कार्यालय आ रहे हैं।
- भंवरसिंह

बिल जमा करवाने में लम्बी कतारें हैं। कई दिन से चक्कर लगा रहे हैं तो आज नम्बर आया है।
- भारती नवल

Published on:
19 Jun 2018 06:30 pm