जोधपुर

Jodhpur Factory Accident Update : बड़ी घोषणा, मृतक दमकलकर्मी को 5 लाख, गंभीर झुलसे को 2-2 लाख की मिलेगी आर्थिक मदद

Jodhpur Factory Accident Update : जोधपुर केमिकल फैक्टरी में भीषण आग पर काबू पाने के दौरान झुलसने से मृत दमकलकर्मी पितेश के परिजन को पांच लाख रुपए और गंभीर रूप से झुलसे दमकलकर्मियों को नगर निगम की ओर से दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का निर्णय किया गया है।
2 min read
jodhpur factory massive fire accident update nagar nigam big announcement
Jodhpur: प्रितेश परमार (फाइल फोटो) व झुलसे  दमकलकर्मियों  के  परिजन  से एमजीएच में मिलते  महापौर प्रसन्नचन्द मेहता  व  निगम आयुक्त राहुल जैन। फोटो पत्रिका

Jodhpur Factory Accident Update : जोधपुर.बासनी की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग पर काबू पाने के दौरान झुलसने से मृतक एक दमकलकर्मी के परिजन व गंभीर झुलसने वाले दमकलकर्मियों को नगर निगम की ओर से आर्थिक सहायता देने का निर्णय किया गया है। महापौर प्रसन्नचन्द मेहता ने इस संबंध में रविवार को घोषणा की। महापौर ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से वार्ता कर राज्य सरकार की ओर से सहयोग दिलाने का भरोसा दिलाया।

महापौर प्रसन्नचन्द मेहता ने कहा कि सभी दमकल कर्मचारी निगम परिवार के अभिन्न अंग हैं। संकट की घड़ी में निगम इनके साथ है। हादसे में एक दमकल कर्मचारी पितेश परमार की शनिवार को मृत्यु हो गई थी। उसके आश्रित परिजनों को निगम की ओर से पांच लाख रुपए दिए जाएंगे। गंभीर झुलसे अन्य दमकल कर्मचारियों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जोधपुर नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि सभी हताहत व परिजन को राज्य व केन्द्र सरकार और बीमा कम्पनी से मिलने वाली मदद भी जल्द से जल्द उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में संबंधित विभाग से समन्वय किया जा रहा है।

झुलसे दमकलकर्मी व परिजन से मिले महापौर

महापौर प्रसन्नचन्द मेहता व निगम आयुक्त राहुल जैन महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती झुलसे दमकलकर्मियों की कुशलक्षेम पूछने पहुंचे। उन्होंने झुलसे कर्मचारियों से मुलाकात कर हादसे के बारे में जानकारी ली। साथ ही इनके परिजन से भी मिलकर समुचित इलाज का भरोसा दिलाया। साथ ही चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। महापौर ने जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती झुलसे दमकलकर्मियों के इलाज के संबंध में मोबाइल पर चिकित्सकों से बात कर जरूरी निर्देश दिए।

एक-एक दिन का वेतन देंगे निगमकर्मी

हादसे में झुलसे कर्मचारियों की मदद के लिए निगम कर्मचारी भी आगे आए हैं। सभी कर्मचारियों ने झुलसे दमकलकर्मियों के लिए एक-एक दिन का वेतन देने का निर्णय किया है।

जयपुर में भर्ती दमकलकर्मियों के स्वास्थ्य में सुधार

निगम का कहना है कि जयपुर के एसएमएस अस्पताल में 6 झुलसे दमकलकर्मी भर्ती हैं। इनके इलाज व स्वास्थ्य के संबंध लगातार निगरानी रखी जा रही है। इनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

Updated on:
27 Sept 2026 09:36 pm
Published on:
27 Sept 2026 09:33 pm