
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले में बुधवार को दिनदहाड़े फायरिंग और गाड़ियों में टक्कर का मामला सामने आया है। डांगियावास थाना क्षेत्र में खेड़ी सालवा और खेड़ी चारणा गांव के बीच चोरी की स्कॉर्पियो की तलाश में पहुंचे युवकों पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि दूसरी स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने पहले उनका पीछा किया और फिर उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इस दौरान फायरिंग भी की गई। घटना में चार लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़ जिले के रावतसर से छह युवक अपनी चोरी हुई सफेद स्कॉर्पियो की तलाश में जोधपुर पहुंचे थे। युवकों को जीपीएस के जरिए अपनी गाड़ी की लोकेशन जोधपुर के डांगियावास थाना क्षेत्र के सालवा कलां गांव में मिली थी। इसके बाद वे लोकेशन के आधार पर गाड़ी की तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान दूसरी स्कॉर्पियो में सवार मनीष जाट और सुनील जाट ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि पीछा करने के दौरान बदमाशों ने युवकों की स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और पलटती हुई खेत में जा घुसी। इसके बाद फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। स्कॉर्पियो के बोनट पर गोली लगने के निशान मिले हैं। घटना के दौरान हवाई फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है।
इस घटना में हनुमानगढ़ निवासी सुरेंद्र कुमार, सुधीर कुमार और भानु खान घायल हो गए। वहीं, मौके पर मौजूद स्थानीय भेड़ चालक बाबूलाल जाट भी घायल हो गया। इस तरह कुल चार लोगों को चोटें आई हैं। हालांकि, शुरुआती जानकारी में घायलों के चोटिल होने की वजह गाड़ी पलटना बताई जा रही है। फायरिंग और हमले की पूरी स्थिति पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।
घटना की सूचना मिलते ही डांगियावास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजूराम काला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पीछा करने और हमले के मामले में आरोपी मनीष जाट को पकड़ लिया है, जबकि दूसरे आरोपी सुनील जाट की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर मामला चोरी की स्कॉर्पियो की तलाश और उसके बाद हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग के कारणों और घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।