
जोधपुर. लौटते हुए दक्षिण पश्चिमी मानसून ने मंगलवार को जोधपुर सहित मारवाड़ के कुछ हिस्सों में बरसात की। जोधपुर में कई हिस्सों में शाम को आधे घण्टे तक तेज हवा, बादलों की गर्जना के साथ बौछारें गिरी। इस दौरान कई स्थानों पर धूप भी निकली हुई थी। शहर में यह बरसात छितराई रही। मौसम विभाग ने सोमवार को जैसलमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ से मानसून के लौटने की घोषणा कर दी थी। विभाग के अनुसार एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों से अगले 48 घण्टे में मानसून खत्म हो जाएगा।
सूर्यनगरी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह हल्की हवा बहने से सामान्य मौसम बना हुआ था। दिन में तीखी धूप भी निकली रही। दोपहर में तापमान 36.8 डिग्री तक पहुंचा। अपराह्न चार बजे मौसम ने अचानक पलटी खाई। आसमां में देखते ही देखते काली घटाएं घिर आई और बादलों की गडगड़़ाहट शुरू हुई। काफी देर तक तेज ठंडी हवा चली और इसके बाद बौछारें गिरनी शुरू हुई। बड़ी बूंदे शीघ्र ही तेज बरसात में बदल गई। रातानाडा, पावटा, प्रतापनगर, मसूरिया, भीतरी शहर, मंडोर सहित अधिकांश हिस्सों में हल्की से लेकर मध्य बरसात हुई। कुछ हिस्सों में आधे घण्टे तक तेज बारिश से सडक़ों पर पानी जमा हो गया। हालांकि एयरफोर्स स्थित मौसम विभाग के कार्यालय में केवल बूंदाबांदी ही रिकॉर्ड हो सकी।