जोधपुर

ग्राउंड रिपोर्ट: जोधपुर में 200 करोड़ की लागत से तैयार हुआ इनोवेशन हब, युवाओं को मिलेंगे तरक्की के नए अवसर

जोधपुर में 200 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा राजीव गांधी इनोवेशन हब अब संचालन की तैयारी में है। सिविल निर्माण पूरा हो चुका है और तीन महीने में स्टार्टअप व युवा उद्यमियों को सुविधाएं मिलने लगेंगी।
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2026, 4:08 PM IST
jodhpur rajiv gandhi innovation hub
जोधपुर के पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बना राजीव गांधी इनोवेशन हब (पत्रिका फोटो)

Jodhpur Rajiv Gandhi Innovation Hub: जोधपुर: पश्चिमी राजस्थान के युवाओं, नव उद्यमियों और स्टार्टअप के लिए आने वाले दिनों में नई संभावनाओं के द्वार खुलने जा रहे हैं। जोधपुर शहर में विकसित हो रहा राजीव गांधी नॉलेज सर्विस एंड इनोवेशन हब अब संचालन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हब का सिविल निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और वर्तमान में इंटीरियर का काम चल रहा है। आगामी तीन महीने में इसे ऑपरेशन में लाने की तैयारी है।

बता दें कि करीब 200 करोड़ रुपए की परिकल्पित लागत वाला यह इनोवेशन हब युवाओं के नए बिजनेस आइडिया को धरातल पर उतारने के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां स्टार्टअप को शुरुआती स्तर पर मार्गदर्शन, तकनीकी संसाधन, इन्क्यूबेशन और नवाचार से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की योजना है। इससे युवाओं को अपने उत्पाद और तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म मिल सकेगा।

हब के पूरी तरह तैयार होने के बाद इसके आवंटन, संचालन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) स्तर पर पॉलिसी तय होगी। इसी नीति के आधार पर स्टार्टअप, उद्यमियों और अन्य संस्थाओं को स्थान आवंटित करने सहित संचालन की व्यवस्था की जाएगी।

एक ही छत के नीचे मिलेंगी उद्यमिता से जुड़ी सुविधाएं

  • स्टार्टअप इन्क्यूबेशन सेंटर
  • को-वर्किंग स्पेस
  • आधुनिक तकनीकी एवं इनोवेशन लैब
  • नए उत्पादों के प्रोटोटाइप तैयार करने की सुविधा
  • युवा उद्यमियों को मार्गदर्शन और सहयोग
  • महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष व्यवस्था

प्रदेश में अपने आप में पहला

इस प्रकार के तीन इनोवेशन हब जोधपुर, जयपुर और कोटा में घोषित किए गए थे। जेआईए के अध्यक्ष सोनू भार्गव ने बताया कि इस केंद्र के शुरू होने से जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान के युवाओं को स्टार्टअप के लिए जयपुर या अन्य बड़े शहरों पर निर्भरता कम करने का अवसर मिलेगा। जेआईए के पूर्व अध्यक्ष अनुराग लोहिया ने बताया कि तकनीक, नवाचार और नए उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवाओं को एक ही परिसर में सुविधाएं उपलब्ध होने से स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

तीन महीने में शुरू होगा संचालन

  • सिविल निर्माण कार्य पूरा।
  • वर्तमान में इंटीरियर का काम जारी।
  • आगामी तीन महीने में ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी।
  • आवंटन और संचालन की नीति सीएमओ स्तर पर निर्धारित होगी।
  • पॉलिसी तय होने के बाद शुरू होगी आवंटन की प्रक्रिया।

पॉलिसी मुख्यालय से बनेगी, काम जारी

इनोवेशन हब का कुछ इंटीरियर कार्य चल रहा है। सिविल वर्क पूरा हो चुका है। हमारी ओर से तीन महीने में इसे पूरा कर दिया जाएगा। इसके बाद आवंटन और अन्य नीतियां मुख्यालय स्तर पर बनाई जाएंगी।
-मनीषा चौहान, एसीपी, डीओआईटी

Updated on:
3 Nov 2026, 4:08 PM IST
Published on: