जोधपुर

जोधपुर-जैसलमेर हाईवे पर LPG सिलेंडर से भरा ट्रक पलटा, बड़ा हादसा टला

जोधपुर-जैसलमेर हाईवे पर आगोलाई के त्रिलोक सर्कल के पास रविवार रात गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक पलट गया। ट्रक में रखे सभी सिलेंडर गैस से भरे थे और सड़क पर बिखर गए। गनीमत रही कि किसी सिलेंडर में लीकेज या विस्फोट नहीं हुआ।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
jodhpur accident
Jodhpur: ट्रक पलटने के बाद हाईवे किनारे पड़े एलपीजी सिलेंडर (फोटो-पत्रिका)

जोधपुर। जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे पर रविवार रात उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब आगोलाई कस्बे में त्रिलोक सर्कल के पास गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में रखे सभी सिलेंडर गैस से भरे हुए थे। हादसे के बाद सिलेंडर सड़क पर बिखर गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि किसी सिलेंडर में लीकेज नहीं हुआ और न ही आग लगी। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार घटना रविवार रात करीब सवा आठ बजे की है। गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक जैसलमेर की तरफ से आ रहा था और बालेसर की ओर जा रहा था। आगोलाई में त्रिलोक सर्कल के पास किसी अन्य वाहन से टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद ट्रक हाईवे के किनारे पलट गया।

सड़क पर बिखरे गैस सिलेंडर, मची अफरा-तफरी

ट्रक के पलटते ही उसमें रखे गैस सिलेंडर सड़क पर गिरकर बिखर गए। सिलेंडरों में गैस भरी होने के कारण मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। राहत की बात यह रही कि किसी भी सिलेंडर से गैस का रिसाव नहीं हुआ और न ही किसी तरह का विस्फोट हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही आगोलाई चौकी और बालेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए हाईवे पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। बाद में गैस एजेंसी संचालक भी बालेसर से मौके पर पहुंचे। पुलिस की निगरानी में सड़क पर बिखरे सभी सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से हटाकर दूसरे वाहन में भेजा गया।

हादसे के बाद सड़क किनारे पड़े एलपीजी सिलेंडर (फोटो-पत्रिका)

हादसे ने फिर याद दिलाई पिछले साल की घटना

गैस सिलेंडरों से भरे वाहन के पलटने की घटना ने पिछले साल जयपुर-अजमेर हाईवे पर हुए बड़े LPG हादसे की याद ताजा कर दी। अक्टूबर 2025 में दूदू के पास सावरदा क्षेत्र में LPG सिलेंडरों से भरे ट्रक को दूसरे वाहन की टक्कर लगने के बाद आग लग गई थी। इसके बाद सिलेंडरों में लगातार धमाके हुए और कई किलोमीटर तक आवाज सुनाई देने की बात सामने आई थी। घटना के बाद हाईवे पर कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा था।

ऐसे में आगोलाई में रविवार रात हुआ हादसा समय रहते संभल जाने से बड़ी घटना में बदलने से बच गया। अगर पलटे हुए ट्रक से गैस रिसाव या आग लगती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल पुलिस ने हादसे के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रक की किसी वाहन से टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।

Updated on:
27 Sept 2026 10:21 pm
Published on:
27 Sept 2026 10:12 pm