
- सरकार को सद्बुद्धि के लिए सुंदरकाण्ड का पाठ
जोधपुर . राजस्थान हाईकोर्ट की उदयपुर में सर्किट बैंच के विरोध में जोधपुर मेंअधिवक्ताओं का न्यायिक कार्य बहिष्कार आंदोलन शुक्रवार को 11वें दिन भी जारी रहा। राजस्थान हाईकोट्र्स एडवोकेटस एसोसियेशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी, लॉयर्स एसोसियेशन अध्यक्ष कुलदीप माथुर के नेतृत्व में हाईकोर्ट परिसर में वकीलों ने 'कमेटी भंग करने से कम कुछ भी मंजूर नहीं' के नारे लगाए। धरनास्थल पर सरकार को सद्बुद्धि के लिए सुंदरकांड का पाठ भी किया गया।
सूत्रों के अनुसार इस मुद्दे पर हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में दायर याचिका का निस्तारण करते हुए जस्टिस केएस झवेरी द्वारा की गई टिप्पणी के मद्देनजर जयपुर के वकीलों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय किया है। लेकिन जोधपुर के वकीलों का कहना है कि उदयपुर सर्किट बैंच की स्थापना के लिए गठित समिति भंग करने से कम कुछ भी मंजूर नहीं। इस वजह से राजस्थान हाईकोर्ट की उदयपुर में सर्किट बैंच के विरोध में जोधपुर मेंअधिवक्ताओं का न्यायिक कार्य बहिष्कार आंदोलन शनिवार को भी जारी रहा।
इन्होंने दिया समर्थन
संघर्ष समिति के महासचिव धनराज वैष्णव व दीपेशसिंह बेनीवाल के अनुसार शुक्रवार को जोधाण वृद्धाश्रम के रतनसिंह गहलोत व गुलाबचंद खींची, विश्नोई टाईगर फोर्स के ओमप्रकाश लोळ व पुखराज गोदारा जालेली, भाजयुमो अध्यक्ष महेन्द्र तंवर, राजीव नगर डी सेक्टर मोहल्ला विकास समिति अध्यक्ष दिलिपसिंह राठौड, राजस्थान जाट महासभा के जिलाध्यक्ष जीआर पूनिया, अम्बेडकर मूर्ति अनावरण संघर्ष समिति के घनश्याम मेघवाल, भील युवा संघ के ओमप्रकाश भील, शिवशक्ति महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष रिखबदास दाधीच व श्रीराम विशनोई सहित कई सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने धरना स्थल पर उपस्थित होकर वकीलों के आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
पोस्टकार्ड अभियान
अधिवक्ताओं की ओर से शनिवार को आंदोलन के समर्थ में पोस्टकार्ड अभियान चलाया। अधिवक्ताओं का एक दल कपिल बोहरा के नेतृत्व में नागौर व आसपास की बार एसोसियेशन से हाईकोर्ट को अंखिण्डत रखने की मांग के प्रति समर्थन मांगा।