जोधपुर

Jodhpur News: दोगुनी उम्र के शिक्षक संग चली गई छात्रा, लड़की ने वीडियो जारी कर कहा- अपनी मर्जी से किया प्रेम विवाह

राजस्थान के जोधपुर जिले में एक शिक्षक ने छात्रा से प्रेम विवाह कर ​लिया। शिक्षक की उम्र युवती से लगभग दोगुनी बताई जा रही है। जानिए पूरा मामला-

2 min read
Jun 12, 2026
Love Marriage Couple
प्रतीकात्मक तस्वीर ( फोटो - एआई)

Jodhpur News: जोधपुर/ओसियां। राजस्थान के जोधपुर जिले के ओसियां क्षेत्र में 24 दिन पहले क्षेत्र के एक गांव से लापता हुई युवती को लेकर परिजन और समाज के लोग चिंतित थे । युवती की तलाश के लिए थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया । युवती के परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे थे और पुलिस पर दबाव बढ़ रहा था। मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ था। लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो कहानी में नया मोड़ आ गया । सामने आया कि युवती का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि उसने अपने ही शिक्षक के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। शिक्षक की उम्र युवती से लगभग दोगुनी बताई जा रही है।

इस खुलासे के बाद धरना समाप्त हो गया । बाद में युवती ने एक वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि उसने अपनी इच्छा से प्रेम विवाह किया है । उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है । युवती ने परिजनों और समाज के लोगों से उसे परेशान नहीं करने की अपील भी की है । बता दें कि लड़का और लड़की दोनों अलग अलग धर्मों से ताल्लुक रखते हैं ।

भारतीय कानून में दो बालिग ( वयस्क ) लोगों को अपनी पसंद से विवाह करने का कानूनी और संवैधानिक अधिकार है । मामले को लेकर लोगों का कहना है कि प्रेम विवाह पर किसी को आपत्ति नहीं है । लेकिन जब रिश्ता शिक्षक और छात्रा का हो तो सवाल केवल विवाह का नहीं, बल्कि उस विश्वास का भी होता है जिस पर पूरी शिक्षा व्यवस्था टिकी हुई है । ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को स्कूल में सुरक्षित माहौल और बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ भेजते हैं। ऐसे मामलों से समाज में चिंता बढ़ती है और अभिभावकों का भरोसा कमजोर होता है ।

विधायक भैराराम सियोल ने जताई चिंता

ओसियन विधानसभा क्षेत्र विधायक भैराराम सियोल ने भी मामले पर चिंता जताई है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर नजर रखने, संवाद बनाए रखने और अच्छे संस्कार देने का आग्रह किया है । उन्होंने कहा कि एक 40 साल का शिक्षक करीब 18 से 20 साल की लड़की को भगाकर ले गया। इस मामले ने गुरु और शिक्षक के संबंधों को तार-तार किया है। एक शिक्षक को अपनी शिष्य को प्रेम जाल में फंसाकर भगा ले जाने का मामले आपके, हमारे और पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। विधायक से इसे लव जिदाह का मामला बताया।

Updated on:
14 Jun 2026 10:45 am
Published on:
12 Jun 2026 05:13 pm