जोधपुर

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के उद्घाटन के बाद विवाद, NSUI ने JNVU गेट से हटाए पोस्टर और साइन बोर्ड

Jodhpur News: जोधपुर के जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर लगे साइन बोर्ड और पोस्टर हटा दिए। जानिए इस पर क्या बोले एनएसयूआई कार्यकर्ता।
less than 1 minute read
Mar 15, 2026
Feature image

Jodhpur News: जोधपुर के जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (JNVU) में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर लगे साइन बोर्ड और पोस्टर हटा दिए। घटना शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि करीब 2 बजे की बताई जा रही है। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा गेट पर लगे साइन बोर्ड को गिराने और तोड़फोड़ करने का वीडियो भी सामने आया है।

केंद्रीय मंत्री ने किया था प्रदर्शनी का उद्घाटन

विश्वविद्यालय में “भारत की विश्व विरासत: राजस्थान” विषय पर प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन शनिवार को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया था। प्रदर्शनी विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय परिसर में लगाई गई है और इसका आयोजन राष्ट्रीय अभिलेखागार व संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 10 दिनों तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।

NSUI ने लगाया राजनीतिक प्रचार का आरोप

छात्र नेता एमएल चौधरी ने कहा कि उन्होंने साथियों के साथ मिलकर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर लगी नाम पट्टिका पर चिपकाए गए सरकारी कार्यक्रम के प्रचार पोस्टर हटाए हैं। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय एक स्वायत्त शैक्षणिक संस्थान है और इसे राजनीतिक या सरकारी प्रचार का माध्यम बनाना उचित नहीं है।

विश्वविद्यालय की गरिमा बचाने का दावा

एनएसयूआई जिला अध्यक्ष बबलू सोलंकी ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर केवल शिक्षा, शोध और छात्रों के भविष्य के लिए होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से परिसर को सरकारी कार्यक्रमों और राजनीतिक प्रचार के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की गरिमा बनाए रखने के लिए ही कार्यकर्ताओं ने पोस्टर हटाने का कदम उठाया।

Published on:
15 Mar 2026 02:03 pm