
Jodhpur Panchayat Election Result 2026: जोधपुर जिले में पंचायत चुनावों के परिणामों ने जिले में न सिर्फ भाजपा, बल्कि कांग्रेस नेताओं को भी चौंका दिया। कई वरिष्ठ नेताओं के परिजनों को हार का सामना करना पड़ा, तो कुछ ने जैसे-तैसे जीत हासिल की। भाजपा देहात अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी को हार का सामना करना पड़ा। वहीं, कांग्रेस देहात महिला अध्यक्ष विजयलक्ष्मी पटेल ने जीत हासिल की। भाजपा के वरिष्ठ नेता शंभू सिंह खेतासर को सरपंच चुनाव के बाद अब पंचायत चुनाव में भी झटका लगा। पाली के पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ के लिए चुनावी परिणाम मिले-जुले रहे।
ओसियां से भाजपा विधायक भैराराम सियोल ने तिवरी पंचायत समिति के वार्ड-12 से पुत्र आकाशदीप चौधरी को प्रत्याशी बनाया था। परिणाम में पुत्र आकाशदीप को जीत हासिल हुई, लेकिन 11 सीटों के साथ कांग्रेस को बहुमत मिला। ऐसे में पुत्र को प्रधान बनाने की दावेदारी के समीकरण बिगड़ गए।
ओसियां पंचायत समिति के प्रधान का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। भाजपा के वरिष्ठ नेता शंभू सिंह खेतासर ने वार्ड-6 से निवर्तमान प्रधान और अपनी पत्नी बदन कंवर को प्रत्याशी बनाया था। वार्ड-15 से पुत्रवधू किरण कंवर को भी चुनावी मैदान में उतारा था, लेकिन उन्हें दोहरा झटका लगा। परिणाम में दोनों सास-बहू को हार का सामना करना पड़ा। खेतासर की पत्नी बदन कंवर को सरपंच चुनाव में भी हार मिली थी।
पाली के पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता बद्रीराम जाखड़ के लिए चुनाव परिणाम मिले-जुले रहे। उनका पोता दीपक जाखड़ पंचायत समिति भोपालगढ़ से चुनाव हार गया। उसे भोपालगढ़ का प्रधान बनाने की दावेदारी थी। जबकि पीपाड़ शहर पंचायत समिति की निवर्तमान प्रधान पोती सोनिया चौधरी को जीत हासिल हुई।
जिला परिषद सदस्य के वार्ड-18 से भाजपा देहात अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी चुनावी मैदान में उतरे थे। वे जिला प्रमुख पद की दावेदारी की दौड़ में थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के ओमप्रकाश बिश्नोई ने उन्हें 3,308 वोटों से पराजित किया।
जिला परिषद सदस्य के लिए वार्ड-16 से कांग्रेस देहात महिला अध्यक्ष विजयलक्ष्मी पटेल चुनाव जीतने में सफल रहीं। उन्होंने भाजपा की गीतादेवी को 2,145 वोटों से हराया।
ओसियां पंचायत समिति के पूर्व उपप्रधान देवीलाल चौधरी ने पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में पुत्रवधू सुमन को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन वह चुनाव हार गईं। कांग्रेस की सरिता ने उन्हें हराया। इससे पहले उनके पुत्र ताराचंद ग्राम पंचायत जटीपुरा मुकाम सिमरथनगर से सरपंच का चुनाव हार गए थे।
ओसियां से भाजपा नेता महेंद्र सिंह भाटी के लिए चुनाव परिणाम मिले-जुले रहे। उनकी पत्नी प्रमोद कंवर ने उम्मीद नगर पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में जीत हासिल की। हालांकि, भाजपा को पंचायत समिति में बहुमत नहीं मिल पाया। उनके पुत्र भरत कुमार सिंह जिला परिषद सदस्य के लिए वार्ड-40 से चुनाव हार गए। कांग्रेस के करनाराम ने उन्हें हराया।
जिला परिषद सदस्य के चुनाव में बिलाड़ा के पूर्व विधायक हीराराम मेघवाल के पुत्र महेश कुमार ने वार्ड-24 से चुनाव लड़ा। उन्होंने भाजपा के दिनेश को हराकर जीत हासिल की।