जोधपुर

जोधपुर जिला पंचायत समिति चुनाव: कांग्रेस के 16, भाजपा का सिर्फ 1 प्रधान बना; RLP ने किया बड़ा उलटफेर

जोधपुर जिला प्रमुख के बाद पंचायत समितियों के प्रधान चुनाव में भी कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। आरएलपी दूसरी बड़ी पार्टी बनी।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 4:08 PM IST
jodhpur jila pradhan result
प्रधान निर्वाचित होने के बाद लूनी पंचायत समिति कार्यालय के बाहर आतिशबाजी कर जश्न मनाते हुए। Photo- Patrika

जोधपुर। जिला प्रमुख के बाद पंचायत समितियों के प्रधान चुनाव में भी कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। जिले की 23 पंचायत समितियों में से कांग्रेस के 16 प्रधान निर्वाचित हुए। यानी करीब 70 प्रतिशत पंचायत समितियों में कांग्रेस का कब्जा रहा। आरएलपी पांच प्रधान बनाकर दूसरी बड़ी पार्टी बनी। भाजपा को महज एक पंचायत समिति में सफलता मिली। सेखाला में बहुमत नहीं होने के बावजूद भाजपा ने उलटफेर कर प्रधान बना लिया। वहीं, लूणी में कांग्रेस की बागी प्रत्याशी निर्दलीय के रूप में प्रधान निर्वाचित हुई।

कांग्रेस के 16 प्रधान, ओसियां में निर्विरोध निर्वाचन

जिले की शेरगढ़, चाबा, बालेसर, आगोलाई, झंवर, चामू, ओसियां, तिंवरी, सामराऊ, उम्मेद नगर, हतुण्डी, पीपाड़ शहर, धवा, बिलाड़ा, कापरड़ा और केरू पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान निर्वाचित हुए। ओसियां में संतोष कंवर निर्विरोध प्रधान चुनी गईं।

आरएलपी का एक से बढ़कर पांच प्रधानों तक का सफर

पिछले पंचायत चुनाव में जिले की केवल बावड़ी पंचायत समिति में आरएलपी का प्रधान बना था। इस बार पार्टी ने पांच पंचायत समितियों में प्रधान बनाकर अपना प्रदर्शन पांच गुना बढ़ाया।

भाजपा का एकमात्र प्रधान, वो भी उलटफेर से

पंचायत चुनाव में भाजपा को जिले की 23 में से किसी भी पंचायत समिति में बहुमत नहीं मिला था। इसके बावजूद पार्टी सेखाला में प्रधान बनाने में सफल रही। यहां कांग्रेस के 9 और भाजपा के 6 सदस्य निर्वाचित हुए थे, लेकिन प्रधान चुनाव में भाजपा की संतोष कंवर ने कांग्रेस की रसाल कंवर को 8-7 मतों से हरा दिया। कांग्रेस के दो सदस्यों ने क्रॉस वोटिंग की। वहीं, बालेसर पंचायत समिति में भी कांग्रेस का एक वोट भाजपा के पक्ष में गया, हालांकि यहां प्रधान कांग्रेस की गुड्डी देवी ही बनीं।

लूणी में कांग्रेस की बागी निर्दलीय प्रत्याशी ने मारी बाजी

लूणी पंचायत समिति में कांग्रेस के 10 और भाजपा के 7 सदस्य थे। इसके बावजूद कांग्रेस की निवर्तमान प्रधान वाटिका राजपुरोहित ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर भाजपा की गुड्डी को 8-7 मतों से हरा दिया। कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी फमुड़ी उर्फ फम्बूदेवी को केवल दो वोट मिले। इस तरह कांग्रेस के आठ सदस्यों ने वाटिका के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की।

भोपालगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी को एक भी वोट नहीं

भोपालगढ़ पंचायत समिति के 15 वार्डों में आरएलपी के 6, कांग्रेस के 5, भाजपा के 3 और एक निर्दलीय सदस्य निर्वाचित हुआ था। प्रधान चुनाव में आरएलपी की उषा को 9 और भाजपा की सुशीला को 6 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी दुर्गादेवी को एक भी वोट नहीं मिला। यहां तक कि उन्हें खुद का वोट भी नहीं मिला। कांग्रेस के सभी पांच सदस्यों ने क्रॉस वोटिंग की।

ओसियां विधानसभा की पांचों पंचायत समितियों में कांग्रेस

ओसियां विधानसभा क्षेत्र की ओसियां, तिंवरी, उम्मेद नगर, हतुण्डी और सामराऊ पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान निर्वाचित हुए। इस तरह भाजपा विधायक भैराराम के क्षेत्र में पार्टी को एक भी प्रधान पद नहीं मिला। सामराऊ और हतुण्डी में कांग्रेस को दो-दो तथा तिंवरी में एक क्रॉस वोट मिला। तिंवरी में विधायक पुत्र आकाशदीप ने प्रधान पद के लिए दावेदारी भी नहीं की।

भोपालगढ़ विधानसभा की पांचों पंचायत समितियों में आरएलपी

भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र की भोपालगढ़, आसोप, बावड़ी, सालवा खुर्द और मंडोर पंचायत समितियों में आरएलपी के प्रधान निर्वाचित हुए। इस क्षेत्र की विधायक कांग्रेस की गीता बरवड़ हैं।

जिला प्रमुख की पुत्रवधू लगातार दूसरी बार बनीं प्रधान

कांग्रेस की सोनिया जयंत पीपाड़ शहर पंचायत समिति की प्रधान निर्वाचित हुईं। वे निवर्तमान प्रधान हैं और लगातार दूसरी बार इस पद पर चुनी गई हैं। वे जिला प्रमुख प्रमिला चौधरी की पुत्रवधू और पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ की पौत्री हैं।

Updated on:
28 Nov 2026, 4:08 PM IST
Published on: