जोधपुर

जोधपुर से वैष्णोदेवी जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब सीधे कटरा तक दौड़ेगी ट्रेन, जम्मूतवी उतरने का झंझट खत्म

Description: जोधपुर से वैष्णोदेवी जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। अब ट्रेन जम्मूतवी के बजाय सीधे श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा तक जाएगी। इससे यात्रियों को जम्मूतवी में उतरकर आगे की यात्रा करने की जरूरत नहीं होगी।
2 min read
• •
Aug 18, 2026
jodhpur to katra train
Ai Generated Image

जोधपुर. वैष्णोदेवी जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब जोधपुर से श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा तक ट्रेन से सीधे पहुंचा जा सकेगा। रेलवे ने साबरमती बीजी-जम्मूतवी-साबरमती बीजी एक्सप्रेस का श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा तक विस्तार किया गया है। ऐसे में जोधपुर से इस ट्रेन में सवार होने वाले यात्रियों को जम्मूतवी में उतरकर आगे की यात्रा करने की जरूरत नहीं होगी।

18 अक्टूबर से कटरा तक जाएगी ट्रेन

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार ट्रेन संख्या 19223 साबरमती बीजी-श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा एक्सप्रेस 18 अक्टूबर से साबरमती बीजी से रवाना होकर जम्मूतवी के बजाय कटरा तक जाएगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19224 श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा-साबरमती बीजी एक्सप्रेस 20 अक्टूबर से कटरा से ही रवाना होगी।

साम्बा समेत तीन जगहों पर रुकेगी ट्रेन

ट्रेन को कटरा तक बढ़ाने के साथ तीन नए ठहराव भी जोड़े गए हैं। अब यह ट्रेन साम्बा, बाड़ी ब्राह्मण और शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशनों पर भी रुकेगी। इन स्टेशनों के यात्रियों को इस ट्रेन से सफर करने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। रेलवे के इस बदलाव से इन क्षेत्रों से जम्मू-कश्मीर के धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंचना भी आसान होगा। ट्रेन के नए ठहराव और कटरा तक विस्तार से इस रूट पर यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

श्रीगंगानगर-दादर एक्सप्रेस में बढ़ेंगी स्लीपर की बर्थ

वहीं, श्रीगंगानगर-दादर-श्रीगंगानगर द्विसाप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा के लिए कोच स्ट्रक्चर में बदलाव किया गया है। ट्रेन में कुल 22 कोच ही रहेंगे, लेकिन स्लीपर श्रेणी का एक कोच बढ़ाया जाएगा। इससे स्लीपर कोचों की संख्या 5 से बढ़कर 6 हो जाएगी और यात्रियों के लिए अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी। यह बदलाव श्रीगंगानगर से 20 अक्टूबर और दादर से 21 अक्टूबर से लागू होगा।

अब सांबा में भी रुकेगी जम्मूतवी-बाड़मेर एक्सप्रेस

इसके अलावा जम्मूतवी से बाड़मेर के बीच रोजाना चलने वाली शालीमार मालाणी एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए रेलवे ने एक और सुविधा जोड़ी है। ट्रेन का सांबा स्टेशन पर नया ठहराव मंजूर किया गया है। ट्रेन संख्या 14662 जम्मूतवी-बाड़मेर शालीमार मालाणी एक्सप्रेस 19 अगस्त से सांबा स्टेशन पर रात 10:54 बजे पहुंचेगी। यहां दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन रात 10:56 बजे अपने अगले स्टेशन के लिए रवाना होगी।

Updated on:
18 Aug 2026 04:41 pm
Published on:
18 Aug 2026 04:41 pm