
जोधपुर। जिले में पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद अब 25 नवंबर को जिला प्रमुख का चुनाव होगा। हालांकि कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अभी तक अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। दोनों ही दलों में कई दावेदार सामने आए हैं। कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर सभी की निगाहें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि अंतिम नाम पर उनकी सहमति अहम होगी।
कांग्रेस की ओर से प्रमिला चौधरी, कुसुम बिश्नोई, चेतनराम, राजूराम, रूघाराम और जोगाराम प्रमुख दावेदार हैं। इनमें से कुछ दावेदारों ने अपने समर्थकों की बाड़ाबंदी भी कर रखी है। विधानसभा क्षेत्रों के आधार पर भी प्रत्याशियों के समूह बनाए गए हैं। भाजपा की ओर से देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी के अलावा चेलाराम मूण्डण और भरत सिंह भाटी भी जिला प्रमुख पद के प्रमुख दावेदार हैं। पार्टी में भी प्रत्याशी चयन को लेकर मंथन जारी है।
जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर और उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवंबर को होगा। बहुमत के लिए 22 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। दोनों ही दल बहुमत को लेकर आश्वस्त हैं, लेकिन क्रॉस वोटिंग की आशंका के चलते अपने सदस्यों को एकजुट रखने में जुटे हैं। जिले में 23 पंचायत समितियां और जिला परिषद के 43 वार्ड हैं। चुनाव के बाद कांग्रेस के संभावित दावेदारों ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात कर अपनी दावेदारी पेश की है। बताया जा रहा है कि कुछ नामों पर पार्टी के भीतर आपत्तियां भी सामने आई हैं। ऐसे में सर्वसम्मति से प्रत्याशी चयन की कवायद चल रही है। अंतिम नाम पर गहलोत की सहमति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं दूसरी तरफ जिले की 23 पंचायत समितियों के 351 सदस्यों और जिला परिषद के 43 वार्डों के चुनाव की मतगणना शुक्रवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में दो चरणों में होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर आलोक रंजन ने गुरुवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज (महिला-पुरुष) में मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मतगणना कक्षों, आरओ कक्ष, मीडिया सेंटर और एनआइसी कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी जवाहर चौधरी, जिला रसद अधिकारी अंजुम ताहिर सम्मा, जेडीए सचिव चंचल वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में शेरगढ़, चाबा, सेखाला, आगोलाई, चामू और बालेसर पंचायत समितियों की मतगणना होगी। वहीं, पुरुष पॉलिटेक्निक कॉलेज में ओसियां, तिंवरी, सामराऊ, बावड़ी, हतुण्डी, उम्मेदनगर, भोपालगढ़, आसोप, बिलाड़ा, कापरड़ा, पीपाड़ शहर, सालवा खुर्द, लूनी, धवा, झंवर, मंडोर और केरू पंचायत समितियों की मतगणना की जाएगी।
प्रत्याशी, अभिकर्ता, निर्वाचन एवं गणना कार्मिक और मीडियाकर्मी पीली टंकी स्थित एमआइसी से प्रवेश करेंगे। महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज के मुख्य भाग के गेट-1 से शेरगढ़, चाबा, सेखाला, चामू, आगोलाई और बालेसर के प्रत्याशी व अभिकर्ता प्रवेश करेंगे। गेट-2 कार्मिकों के लिए आरक्षित रहेगा। कॉलेज के पिछले हिस्से में गेट-1 से निर्वाचन एवं गणना कार्मिकों और मीडियाकर्मियों को प्रवेश दिया जाएगा। गेट-2 से आसोप, भोपालगढ़, सालवा खुर्द और केरू; गेट-3 से बिलाड़ा, बावड़ी, ओसियां, तिंवरी, पीपाड़ शहर, कापरड़ा और सामराऊ तथा गेट-5 से मंडोर, लूनी, झंवर, धवा, हतुण्डी और उम्मेदनगर के प्रत्याशी व अभिकर्ता प्रवेश करेंगे।