- कम्पनी के कर्मचारियों को धमकी : काम करना है तो पचास लाख दो, वरना मशीन व गाडि़यां जलाएंगे- नकाबपोश युवकों के अलावा इंटरनेट कॉल कर धमकियां दे रहे स्थानीय युवक
जोधपुर.
मतोड़ा थाना पुलिस ने सड़क निर्माण करने वाली कम्पनी के कर्मचारियों को डरा-धमकाकर पचास लाख रुपए मांगने के मामले में लादेन व ००७ गैंग से जुड़े दस हजार रुपए के इनामी बदमाश सहित चार जनों को गिरफ्तार कर तीन हथियार बरामद किए।
थानाधिकारी डॉ गौतम डोटासरा ने बताया कि ओसियां और मथानिया के आस-पास एनएचआइए की ओर से सड़क कार्य चल रहा है। गत १४ अगस्त को ओसियां क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार कुछ नकाबपोश बदमाशों ने खुद को हनुमान लादेन गैंग का बताकर एनकेसी प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी के कर्मचारियों को काम बंद करने को लेकर धमकियां दी थी। काम चालू करने पर मशीनें व वाहनों को आग लगाने को डराया गया था। इसके बाद यह युवक गगाड़ी में कम्पनी के कैम्प पहुंचे थे, जहां सुरक्षा गार्ड रहमतसिंह व नरपतसिंह को काम चालू करने पर वाहन व मशीनें जला देने और चार घंटे में परिणाम भुगतने की धमकियां दी थी। साथ ही काम करने की एवज में रुपए की मांग की गई थी। इतना ही नहीं, गैंग के बदमाशों ने कम्पनी के अधिकारियों को भी इंटरनेट नम्बर से व्हॉट्सएेप कॉलिंग करके धमकियां दी थी। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी कम्पनी के मैनेजर निरंकर पुत्र राधाकांत पाण्डे की तरफ से गैंग के अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। इनके खिलाफ मतोड़ा व ओसियां थाने में भी एफआइआर दर्ज कराई गई है।
मामा के घर में छुपे थे चारों, तीन हथियार भी जब्त
लोहावट थानान्तर्गत जम्भेश्वर नगर निवासी राजूराम मांजू दस हजार रुपए का इनामी बदमाश है। कमिश्नरेट पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी थी। वह कई और थानों का भी वांछित है। डेढ़ साल से पुलिस उसकी तलाश करने का दावा कर रही थी। राजूराम मांजू के बीकानेर के बज्जू निवासी मामा भागीरथ के घर छुपे होने की सूचना पर एएसपी दीपक शर्मा के नेतृत्व में उपाधीक्षक पारस सोनी, निरीक्षक नरेन्द्र पूनिया, राजीव भादू, मतोड़ा थानाधिकारी नेमाराम, बाप थानाधिकारी हरिसिंह, लोहावट थानाधिकारी इमरान ने दबिश दी, जहां से राजू मांजू के अलावा, हनुमान लादेन, मनीष सेखाणी व बबलू सियाग को पकड़ लिया। मतोड़ा थाने में दर्ज मामले में गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। इनसे तीन हथियार भी जब्त किए गए हैं। आरोपी ००७ गैंग से भी जुड़े रहे हैं और अब लादेन गैंग बना ली थी।